अगर राज्यपाल ने नए विधायकों को शपथ नहीं दिलाई तो हम राष्ट्रपति से संपर्क करेंगे : तृणमूल कांग्रेस
धीरज प्रशांत
- 27 Jun 2024, 10:00 PM
- Updated: 10:00 PM
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी के नवनिर्वाचित दो विधायकों को विधानसभा सदस्य की शपथ दिलाने को लेकर जारी गतिरोध के लिए बृहस्पतिवार को राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस की आलोचना की।
पार्टी ने कहा कि अगर मामले में जरूरत पड़ी तो वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी संपर्क करेगी।
राज्यपाल ने हाल में हुए उपचुनाव में निर्वाचित दोनों विधायकों को बुधवार को राजभवन में शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया था। हालांकि, उन्होंने (विधायकों ने) यह कहते हुए आमंत्रण को अस्वीकार कर दिया कि परंपरा के अनुसार उपचुनाव जीतने वाले उम्मीदवार के मामले में राज्यपाल विधानसभा अध्यक्ष या उपाध्यक्ष को शपथ दिलाने का काम सौंपते हैं।
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राज्यपाल के रुख को ‘असंवैधानिक कदम’ करार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे दो विधायक उपचुनाव में निर्वाचित हुए हैं लेकिन राज्यपाल शपथ दिलाने के लिए विधानसभा नहीं आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष ने राज्यपाल से बार-बार अनुरोध किया है कि वे नियमों का पालन करें और सुनिश्चित करें कि दोनों विधायक तत्काल शपथ ले सकें। लेकिन वे जोर देकर कह रहे हैं कि वे राजभवन आएं।’’
बंदोपाध्याय ने कहा, ‘‘हमारे विधायक, खास तौर पर महिला विधायक राजभवन नहीं जाना चाहती हैं, क्योंकि इसके पीछे की वजह मैं अभी नहीं बताना चाहता... ऐसा प्रतीत होता है कि राज्यपाल कल दिल्ली आए थे। हमारे विधानसभा अध्यक्ष दिल्ली आकर राष्ट्रपति से मिलने को इच्छुक हैं। अगर जरूरत पड़ी तो सांसद भी राष्ट्रपति से मिलेंगे।’’
उन्होंने कहा कि राज्यपाल बोस को पश्चिम बंगाल वापस जाकर विधानसभा अध्यक्ष से परामर्श करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाना चाहिए कि दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाए।
वराहनगर से निर्वाचित विधायक सायंतिका बंद्योपाध्याय और भगबानगोला से निर्वाचित हुए रायत हुसैन सरकार पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में बी आर आंबेडकर की प्रतिमा के सामने बैठ गए और उन्होंने मांग की कि राज्यपाल बोस विधानसभा के अंदर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कराकर उन्हें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के कर्तव्य का निर्वहन करने दें।
विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति मुर्मू को पत्र लिखकर गतिरोध को दूर करने में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
भाषा धीरज