दिल्ली: आरोपी ने वीडियो में मौजपुर कैफे में गोलीबारी का अपराध स्वीकर किया
पारुल
- 24 Jan 2026, 08:06 PM
- Updated: 08:06 PM
नयी दिल्ली, 24 जनवरी (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक कैफे में 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी ने घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपराध कबूल किया और थप्पड़ को लेकर बदले की भावना का हवाला दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
घटना शुक्रवार को मौजपुर इलाके के एक कैफे में हुई, जहां फैजान उर्फ फज्जी (24) को कई गोलियां मारी गईं। बाद में उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया हैंडल 'मोइनकुरैशी' से अपलोड किए गए एक वीडियो में, आरोपी ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उसने फैजान को गोली इसलिए मारी, क्योंकि कुछ महीने पहले फैजान ने उसे थप्पड़ मारा था।
वीडियो में, आरोपी ने अपने परिवार के किसी भी सदस्य की भूमिका से इनकार किया और दावा किया कि हत्या के पीछे कोई वित्तीय मकसद नहीं था।
उसने वीडियो में कहा, ''मैंने व्यक्तिगत रंजिश के चलते फैजान की हत्या की। इस मामले में मेरे पिता की कोई भूमिका नहीं है, न ही मेरे परिवार या दोस्तों का इससे कोई लेना-देना है। मैंने उसे किसी के कहने पर नहीं मारा और इसमें पैसों का कोई लेन-देन शामिल नहीं था। चार महीने पहले उसने मुझे थप्पड़ मारा था, इसलिए मैंने उसकी जान ले ली।''
पुलिस ने कहा कि वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की पुष्टि की जा रही है।
उसने कहा कि वेलकम निवासी फैजान को सिर और सीने में गोलियां लगीं।
अधिकारियों ने कहा कि एक अपराध जांच टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) इकाई ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित कैफे को जांच के तहत सील कर दिया गया है।
हालांकि, मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या का संबंध वित्तीय विवाद से है।
फैजान के भाई सलमान ने दावा किया कि उसके भाई ने आरोपी को लगभग 40,000 रुपये उधार दिए थे और भुगतान को लेकर पहले भी कहासुनी हुई थी।
सलमान ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में दावा किया कि उसके भाई के हाथों पर कटे के निशान भी थे, जिससे पता चलता है कि उसने संघर्ष किया और हमले का विरोध किया, इसलिए संभवतः उसे चाकू भी मारा गया।
सलमान ने हत्या के पीछे वित्तीय विवाद का भी आरोप लगाया। उसने कहा, ''मेरा भाई एक सीधा-सादा आदमी था और उसने करीब 40,000 रुपये उधार दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी और उसके पिता हमारे घर आए और हंगामा खड़ा कर दिया।''
सलमान ने कहा कि इससे पहले भजनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसने कहा, ''हम न्याय चाहते हैं और पिता-पुत्र दोनों की गिरफ्तारी तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हैं। पुलिस का कहना है कि वे फरार हैं।''
मृतक की मां ने पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि हत्या के बाद परिवार को पर्याप्त सहायता नहीं मिली।
उन्होंने कहा, ''मेरा बच्चा मर गया है और कोई हमारी मदद नहीं कर रहा। मैं पहले से ही बीमार हूं और अब मैंने अपने जवान बेटे को खो दिया है। मैं कहां जाऊं?''
पुलिस ने बताया कि वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और शस्त्र अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों की पहचान करने और घटना से पहले तथा बाद में उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस संबंधित इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है।
अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध जगहों पर छापेमारी करने के लिए टीम तैनात की गई हैं और सुराग जुटाने के वास्ते स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया जा रहा है।
पुलिस घटना के समय मौजूद रहे कैफे के कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
भाषा नेत्रपाल पारुल
पारुल
2401 2006 दिल्ली