आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी, तेदेपा, जनसेना भाजपा की ‘बी’ टीम : राहुल गांधी
प्रशांत नेत्रपाल
- 11 May 2024, 08:10 PM
- Updated: 08:10 PM
(तस्वीरों के साथ)
कडप्पा (आंध्र प्रदेश), 11 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और राज्य के अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भाजपा का मतलब बाबू (तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू), जगन और पवन (जनसेना के संस्थापक पवन कल्याण) हैं।
कडप्पा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तीनों नेताओं का ‘रिमोट कंट्रोल’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास है।
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूरे आंध्र प्रदेश में राजशेखर रेड्डी की पदयात्रा उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए प्रेरणा थी।
गांधी ने तीनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “आज आंध्र प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी’ टीम चला रही है। बीजेपी की ‘बी’ टीम का मतलब है-बी से बाबू, जे से जगन और पी से पवन। इन तीनों लोगों का ‘रिमोट कंट्रोल’ नरेन्द्र मोदी के पास है।”
उन्होंने कहा कि ये नेता मोदी के नियंत्रण में हैं क्योंकि उनके पास ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां हैं।
गांधी ने कहा कि राजशेखर रेड्डी उनके पिता राजीव गांधी के भाई की तरह थे और दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी थे।
उन्होंने दावा किया कि 2024 के आम चुनाव के बाद जब विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ केंद्र में सत्ता में आएगा, वह आंध्र प्रदेश को 10 वर्ष के लिए विशेष श्रेणी का दर्जा देगा और पोलावरम परियोजना, कडप्पा इस्पात संयंत्र तथा अन्य कार्यों को पूरा करने जैसे अन्य वादों को पूरा करेगा।
गांधी ने दक्षिणी राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों का प्रचार करते हुए चुनिंदा कृषि ऋण माफ करने, किंडरगार्टन से स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा, गरीब लोगों और अन्य लोगों के लिए पांच लाख रुपये का आवास ऋण देने का वादा किया।
उन्होंने इसके अलावा, केंद्र में सत्ता में आने पर दो क्रांतिकारी कदम उठाने का वादा करते हुए कहा कि भारत के सभी गरीब लोगों की सूची बनाई जाएगी और उनमें से प्रत्येक परिवार की एक महिला को प्रति वर्ष एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की मजदूरी 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन करने का भी वादा किया।
इसके अलावा, गांधी ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), 30 लाख सरकारी नौकरियां और आंगनवाड़ी तथा आशा कार्यकर्ताओं की आय दोगुनी करने का वादा किया।
उन्होंने कडप्पा और आंध्र प्रदेश के लोगों से कहा कि वे उनकी ‘बहन’ और आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला को लोकसभा में भेजें जिससे कि वह वाईएसआर के मूल्यों को आवाज दे सकें।
सार्वजनिक संबोधन से पहले, गांधी और शर्मिला ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए इडुपुलुपाया में राजशेखर रेड्डी की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) आंध्र प्रदेश में ‘इंडिया’ के घटक हैं।
आंध्र प्रदेश में 13 मई को लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव भी होगा।
भाषा प्रशांत