कांग्रेस से निलंबित विधायक ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न का नया मामला
सुरेश दिलीप
- 02 Dec 2025, 07:37 PM
- Updated: 07:37 PM
तिरुवनंतपुरम, दो दिसंबर (भाषा) यौन अपराध मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार केरल के विधायक राहुल ममकूटाथिल की गहन तलाश जारी है, लेकिन इस बीच एक और महिला ने कांग्रेस से निलंबित विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न का नया मामला दर्ज कराया है।
केरल से बाहर रहने वाली 23-वर्षीय एक महिला ने पार्टी आलाकमान और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) को ईमेल के जरिये शिकायत भेजी है।
पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने आगे की कार्रवाई के लिए शिकायत राज्य पुलिस प्रमुख को सौंप दी है। हालांकि, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रावदा ए चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें अभी तक शिकायत नहीं मिली है।
पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को सौंपी गई एक शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा यौन उत्पीड़न और जबरन गर्भपात का मामला दर्ज किए जाने के बाद ममकूटाथिल पिछले कुछ दिनों से फ़रार हैं।
नयी शिकायत में, महिला ने कथित तौर पर कहा है कि ममकूटाथिल ने ‘‘शादी का झूठा वादा करके उसका गंभीर शोषण किया, उसके साथ मारपीट की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।’’
शिकायतकर्ता ने कहा कि वह इसलिए अब शिकायत दर्ज करा रही है, क्योंकि हाल ही में इसी तरह के आरोपों की खबरें सामने आई हैं, तथा वह सुनिश्चित करना चाहती है कि कोई और महिला ‘‘आरोपी के हिंसक व्यवहार का शिकार न हो।’’
उसने अपनी शिकायत में यह भी विस्तार से बताया कि कैसे वह वर्षों पहले ममकूटाथिल से मिली थी और कैसे ‘‘शादी का झूठा वादा करके धोखा देने’’ के बाद एक ‘होमस्टे’ जैसी इमारत में उसका ‘‘यौन उत्पीड़न’’ किया गया था।
पहले की शिकायत के आधार पर 28 नवंबर को दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता के साथ मई के आखिरी हफ्ते में एक अपार्टमेंट में ममकूटाथिल ने कथित तौर पर दो दिनों तक बलात्कार किया था। उस वक्त शिकायतकर्ता गर्भवती थी।
ममकूटाथिल कथित तौर पर 28 नवंबर को मामला दर्ज होने के बाद से लापता हैं।
उन्होंने तिरुवनंतपुरम जिला एवं प्रधान सत्र अदालत में अग्रिम ज़मानत याचिका दायर की है, जिस पर तीन दिसंबर को विचार किया जाएगा।
ममकूटाथिल के अलावा, उनके दोस्त जोबी जोसेफ का भी नाम आरोपी के रूप में दर्ज है और फिलहाल उनका पता नहीं चल पाया है। जोसेफ ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को 30 मई को एक कार के अंदर गर्भपात कराने के लिए एक गोली दी थी।
ममकूटाथिल को 25 अगस्त को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था।
भाषा सुरेश