बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने की लोकमंगल की कामना
सं जफर आनन्द मनीषा जोहेब
- 14 Jan 2025, 09:28 PM
- Updated: 09:28 PM
(फोटो के साथ)
गोरखपुर, 14 जनवरी (भाषा) मकर संक्रांति के अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त में गोरखनाथ मंदिर में नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार शिवावतार महायोगी गोरखनाथ को विधि विधान से आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाई। इस पर्व में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक “एक्स” खाते पर एक पोस्ट में कहा “देश की समृद्ध विरासत एवं सांस्कृतिक एकता के प्रतीक पर्व मकर संक्रांति (खिचड़ी) के पुण्य अवसर पर आज श्री गोरखनाथ मंदिर में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी को आस्था की पावन खिचड़ी चढ़ाई।”
योगी ने कहा “पर्व के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन, नगर निगम गोरखपुर, सभी धार्मिक-सामाजिक संगठनों व स्वयंसेवकों को साधुवाद। भगवान भास्कर सभी के जीवन में प्रगति का प्रकाश लाएं, यही प्रार्थना है।”
सुबह इस अवसर पर उन्होंने भगवान गोरखनाथ से लोकमंगल, सभी लोगों के सुखमय और समृद्ध जीवन तथा राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की। बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाने के बाद आदित्यनाथ ने सभी लोगों, संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति भारत के पावन पर्व और त्योहारों की श्रृंखला में जगतपिता सूर्य के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का एक उत्सव है। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग नामों और स्वरूपों में आज सनातन धर्मावलंबी पूरी श्रद्धा के साथ इस आयोजन के साथ जुड़ते हैं।
आदित्यनाथ ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नाम और रूपों में मकर संक्रांति पर्व को लोग मनाते हैं तथा उत्सव के साथ जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि असम में बिहू के रूप में, पंजाब में लोहड़ी के रूप में, सुदूर दक्षिण में पोंगल के रूप में, बंगाल व महाराष्ट्र में तिलवा संक्रांति के रूप में तथा उत्तर भारत में खिचड़ी संक्रांति के रूप में इस महापर्व को मनाया जाता है।
आदित्यनाथ ने कहा ‘‘मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेश की पवित्र नदियों, सरोवरों में स्नान, दान-पुण्य का कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ प्रारंभ हो चुका है। यह मेरा सौभाग्य है कि गुरु गोरखनाथ की साधना स्थली पर बाबा के श्रीचरणों में खिचड़ी चढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ है।’’
मकर संक्रांति की बधाई देने के साथ ही आदित्यनाथ ने संतों, श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ के पहले अमृत स्नान की भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ भगवान गोरखनाथ की पावन तपस्थली पर आस्था की खिचड़ी चढ़ाई जा रही है तो दूसरी ओर इस सदी का पहला महाकुम्भ तीरथपति प्रयागराज में प्रारंभ हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के प्रति जो आकर्षण देखने को मिल रहा है वह अद्भुत एवं अकल्पनीय है। उन्होंने कहा कि कल सोमवार को लगभग दो करोड़ श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में मां गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी में डुबकी लगाई और पुण्य के भागीदार बने।
उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज में संतों की अगुवाई में लाखों की संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से ही पुण्य स्नान कर रहे हैं। उनके अनुसार, सनातन धर्म के प्रति आकर्षित तमाम विदेशी भी इस महाकुंभ के साक्षी बना रहे हैं।
उन्होंने कहा ‘‘ पर्व और त्योहार पर श्रद्धा का भाव अभिनंदनीय है। हम सब का प्रयास होना चाहिए कि हमारे पावन तीर्थ स्वच्छ और सुंदर बने रहें। इसके लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कतई न करें। कहीं भी, जहां-तहां गंदगी न करें।’’
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि खिचड़ी मेले में आए लाखों श्रद्धालु योगी सरकार की तरफ से किए गए अभिवादन से अभिभूत हो गए।
आदित्यनाथ के अनुरोध पर खिचड़ी मेले में आए श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस अभूतपूर्व स्वागत से हर्षित श्रद्धालुओं ने शिवावतार गुरु गोरक्षनाथ के जयकारे लगाए और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाषा सं जफर आनन्द मनीषा