दिल्ली में सत्ता में आने पर भाजपा सभी झुग्गी-बस्तियां ध्वस्त कर देगी : केजरीवाल
रवि कांत रवि कांत नरेश
- 12 Jan 2025, 05:40 PM
- Updated: 05:40 PM
नयी दिल्ली, 12 जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अगर भाजपा सत्ता में आई तो वह दिल्ली की सभी झुग्गी-बस्तियों को ध्वस्त कर देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने यहां शकूर बस्ती क्षेत्र में एक संवाददाता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झुग्गीवासियों के कल्याण की बजाय भूमि अधिग्रहण को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वे पहले आपके वोट चाहते हैं और चुनाव के बाद आपकी जमीन।’’
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती दी कि वे 'झुग्गियों' में रहने वाले लोगों के खिलाफ सभी मामले वापस लें और विस्थापित लोगों को 24 घंटे के भीतर बसाएं।
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा उनकी बात मान लेती है तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘ यदि अमित शाह झुग्गीवासियों अथवा विस्थापितों के खिलाफ सभी मामले वापस ले लेते हैं तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। अगर भाजपा विफल होती है, तो मैं चुनाव लड़ूंगा और झुग्गीवासियों के लिए ढाल बनकर खड़ा रहूंगा। देखते हैं कौन उन्हें खत्म करता है।’’
उन्होंने भाजपा की ‘जहां झुग्गी वहां मकान’ योजना की भी आलोचना की और इसे दिखावा बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ पिछले 10 वर्षों में उन्होंने झुग्गीवासियों के लिए केवल 4,700 फ्लैट बनाए हैं। दिल्ली में चार लाख झुग्गियां हैं। इस दर से, शहर के सभी झुग्गीवासियों को मकान मुहैया कराने में उन्हें एक हजार साल का समय लग जाएगा।’’
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की योजना झुग्गीवासियों की आवासीय जरूरतों को पूरा किए बिना उनके कब्जे वाली जमीन पर कब्जा करने की है।
उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा) सभी झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर देंगे और वहां रहने वाले लोगों की कोई चिंता किए बिना जमीन का अधिग्रहण कर लेंगे।’’
आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने केजरीवाल के बयान का समर्थन करते हुए 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल ने झुग्गियों में रहने वाले लोगों से अमित शाह द्वारा बोले गए हर झूठ और साजिश का पर्दाफाश किया है। भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में झुग्गियों में रहने वाले तीन लाख लोगों को बेघर कर दिया है। अब वह दिल्ली की हर झुग्गी को गिराने की साजिश कर रही है। दिल्ली की झुग्गियों में रहने वालों याद रखो, यह बुलडोजर पार्टी है। अगर आप भाजपा को वोट देंगे तो एक साल के अंदर ये सारी झुग्गियां गिरा दी जाएंगी।’’
केजरीवाल के साथ आप के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन भी थे, जो शकूर बस्ती निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार हैं। जैन 2013, 2015 और 2020 में जीतने के बाद चौथी बार इस सीट से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।
दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत