प्रधानमंत्री मोदी को कुवैत के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया
देवेंद्र संतोष
- 22 Dec 2024, 09:31 PM
- Updated: 09:31 PM
(तस्वीरों के साथ)
कुवैत सिटी, 22 दिसंबर (भाषा) कुवैत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर’ से रविवार को सम्मानित किया।
भारत और कुवैत के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मोदी को इस सम्मान से नवाजा गया है।
कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा ने प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान से नवाजा।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे कुवैत के महामहिम अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल सबा द्वारा ‘मुबारक अल-कबीर ऑर्डर’ से सम्मानित किए जाने पर गर्व है। मैं यह सम्मान भारत की जनता तथा भारत और कुवैत के बीच मजबूत दोस्ती को समर्पित करता हूं।’’
‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ कुवैत का एक ‘नाइटहुड ऑर्डर’ है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को ‘मुबारक अल-कबीर’ सम्मान प्रदान किया जाना सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह सम्मान खाड़ी क्षेत्र के साथ संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री की दृढ़ प्रतिबद्धता और नेतृत्व को मान्यता देता है। यह भारत-कुवैत के ऐतिहासिक संबंधों और लोगों के बीच संबंधों की गहराई को भी दर्शाता है।’’
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत और कुवैत के बीच दीर्घकालिक मैत्री, कुवैत में भारतीय समुदाय और भारत के 1.4 अरब लोगों को समर्पित किया है।
इसमें कहा गया, ‘‘43 वर्षों के बाद भारत के किसी प्रधानमंत्री की कुवैत की इस ऐतिहासिक यात्रा पर यह सम्मान प्रदान किया जाना इस अवसर को विशेष महत्व प्रदान करता है।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे ‘‘भारत-कुवैत की दीर्घकालिक मित्रता का प्रमाण’’ बताया।
कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी ‘केयूएनए’ की खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान दोनों देशों के बीच बेहतर संबंधों को मजबूत करने के लिए दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 20वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
यह सम्मान मित्रता के प्रतीक के रूप में राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी संप्रभुओं तथा विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को प्रदान किया जाता है।
इससे पहले यह सम्मान बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसे विदेशी नेताओं को दिया जा चुका है।
मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे थे। उनकी यह यात्रा 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस खाड़ी देश की पहली यात्रा है।
बायन पैलेस पहुंचने पर मोदी का रस्मी स्वागत किया गया।
इससे पहले मोदी को सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन जैसे खाड़ी देशों से सम्मान प्राप्त हो चुका है।
भाषा
देवेंद्र