कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के विरोध में प्रदर्शन से पूर्व युवा शाखा के प्रमुख हिरासत में लिए गए
संतोष वैभव
- 20 Dec 2024, 06:50 PM
- Updated: 06:50 PM
गुवाहाटी, 20 दिसंबर (भाषा) असम पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दो दिन पहले एक पार्टी कार्यकर्ता की मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन से पहले ही शुक्रवार को ‘एहतियातन हिरासत’ में ले लिया।
गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंता बराह ने कहा, ‘‘चिब को उस होटल में हिरासत में रखा गया जहां वह ठहरे हुए हैं।’’
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस नेता अशांति पैदा करने के लिए आए थे और अगर वह किसी अन्य राज्य में ऐसे इरादे से जाते तो उन्हें जेल हो जाती।
नगांव में एक कार्यक्रम से इतर चिब की हिरासत के बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे असम में अशांति पैदा करने के लिए हिमाचल प्रदेश से आए हैं। उन्हें जेल में डाला जाना चाहिए था, लेकिन हमने कम से कम उन्हें होटल में रखा है।’’
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर चिब की निजी जानकारी में बताया गया है कि वह जम्मू-कश्मीर से हैं।
शर्मा ने दावा किया कि किसी अन्य राज्य में चिब को जेल में भेज दिया गया होता। उन्होंने कहा कि असम एक प्यारा राज्य है, इसलिए उन्हें होटल में रखा गया है।
‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बराह ने कहा, ‘‘युवा कांग्रेस ने ‘दिसपुर घेराव’ कार्यक्रम की योजना बनाई थी और चिब इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यहां आए थे। लेकिन हम ऐसे कार्यक्रम की अनुमति नहीं दे सकते। उन्हें एहतियात के तौर पर हिरासत में रखा गया है। वह होटल से बाहर नहीं जा सकते।’’
हालांकि, राज्य युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुबैर अनम ने इस तरह के किसी कार्यक्रम से इनकार किया और कहा कि चिब पार्टी नेता मृदुल इस्लाम को श्रद्धांजलि देने के लिए पार्टी द्वारा बुलाई गई सर्व-धर्म प्रार्थना सभा में भाग लेने के लिए यहां आए थे। मृदुल की मणिपुर में अशांति और अदाणी समूह के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों सहित कई मुद्दों के खिलाफ ‘राजभवन चलो’ कार्यक्रम के दौरान बुधवार को मृत्यु हो गई थी।
अनम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारे पार्टी नेतृत्व ने मृदुल इस्लाम की मृत्यु के बाद से सभी आंदोलन कार्यक्रमों को तीन दिन के लिए स्थगित करने का फैसला किया था, इसलिए बृहस्पतिवार को निर्धारित हमारा ‘दिसपुर घेराव’ कार्यक्रम नहीं हुआ। हमारे सदस्यों को केवल सर्व धर्म सभा में भाग लेकर इस्लाम के प्रति ‘श्रद्धांजलि’ अर्पित करनी थी।’’
अनम को सुबह होटल में चिब से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। अनम ने कहा कि आईवाईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब भी हिरासत में हैं।
आईवाईसी अध्यक्ष के कार्यालय ने चिब के निजी ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रिय हिमंत विश्व शर्मा, डरो मत! मुझे या युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना केवल यह दर्शाता है कि आप कितनी कायरता से अपनी सरकार चला रहे हैं।’’
पोस्ट में कहा गया है, ‘‘पहले, आपने क्रूर पुलिस बल का इस्तेमाल करके हमारे कार्यकर्ता मृदुल इस्लाम को मार डाला। अब, ये गैरकानूनी गिरफ्तारियां आपकी कायरता का प्रमाण हैं। हम अन्याय के खिलाफ लड़ना बंद नहीं करेंगे। हम आपको डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का और अपमान नहीं करने देंगे।’’
प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सुबह से ही होटल के सामने एकत्र हो गये और अपने नेता की रिहाई की मांग को लेकर नारे लगाने लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चिब को उनके वकील से संपर्क नहीं करने दिया गया। उन्होंने दावा किया कि आईवाईसी अध्यक्ष का मोबाइल फोन भी पुलिस ने छीन लिया है। चिब पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बृहस्पतिवार को गुवाहाटी पहुंचे और मृदुल इस्लाम के घर पर भी गए।
भाषा संतोष