सीरिया में इजराइल ने किए हवाई हमले
एपी सिम्मी अमित
- 11 Dec 2024, 12:52 AM
- Updated: 12:52 AM
दमिश्क, 10 दिसंबर (एपी) सीरिया के एक युद्ध पर्यवेक्षक ने मंगलवार को कहा कि इजराइल ने सीरिया में भारी हवाई हमले किए हैं और उसके सैनिक देश में और अंदर घुस गए हैं।
इजराइली रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि उनकी सेना ने सीरिया की नौसेना को नष्ट कर दिया है।
इजराइल ने विद्रोहियों द्वारा सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद सीरिया के अंदर ‘बफर जोन’ में घुसने की बात स्वीकार की है लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसके सैनिक उस क्षेत्र से आगे गए हैं या नहीं, जिसे 50 साल से भी पहले स्थापित किया गया था। इजराइल ने इस बात से इनकार किया है कि वह सीरिया की राजधानी दमिश्क की ओर बढ़ रहा है।
इजराइल ने सीरिया के अंदर लगभग 400 वर्ग किलोमीटर के बफर जोन पर कब्जा कर लिया था, जिसे 1973 के पश्चिम एशिया युद्ध के बाद स्थापित किया गया था।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा कि उनका देश दक्षिणी सीरिया में एक विसैन्यीकृत क्षेत्र स्थापित करना चाहता है।
काट्ज ने हाइफा में नौसेना अड्डे पर कहा कि सेना ‘‘सीरिया में आतंकवाद को जड़ें जमाने से रोकने के लिए दक्षिणी सीरिया में हथियारों और आतंकवादी खतरों से मुक्त रक्षा क्षेत्र बनाएगी, जिसमें इजराइल की कोई स्थायी उपस्थिति नहीं होगी।’’
दमिश्क में एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने रात भर और मंगलवार को शहर और उसके उपनगरों में भारी हवाई हमलों की आवाज सुनीं। ऑनलाइन प्रसारित तस्वीरों में नष्ट हुए मिसाइल लांचर, हेलीकॉप्टर और युद्धक विमान दिखाई दे रहे हैं।
दमिश्क पर कब्जा करने वाले हयात तहरीर अल-शम या एचटीएस के नेतृत्व वाले विद्रोही समूहों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।
इजराइल ने यह भी कहा कि वह संदिग्ध रासायनिक हथियार स्थलों और भारी हथियारों पर हमला कर रहा है ताकि उन्हें चरमपंथियों के हाथों में पड़ने से रोका जा सके।
इजराइली अधिकारी शायद ही कभी ऐसे हमलों को स्वीकार करते हैं।
इजराइल का अपने पड़ोसियों के साथ युद्ध के दौरान क्षेत्र पर कब्जा करने और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अनिश्चित काल तक उस पर कब्जा रखने का एक लंबा इतिहास रहा है।
उसने 1967 के पश्चिम एशिया युद्ध में सीरिया से गोलान हाइट्स पर कब्जा कर लिया था।
ब्रिटेन से संचालित ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’, जिसने लगभग 14 साल पहले गृहयुद्ध शुरू होने के बाद से संघर्ष पर बारीकी से नजर रखी है, ने कहा कि विद्रोहियों द्वारा सप्ताहांत में असद को अपदस्थ करने के बाद से इजराइल ने देश भर में 300 से अधिक हवाई हमले किए हैं।
ऑब्जर्वेटरी और बेरूत स्थित मायादीन टीवी, जिसके सीरिया में रिपोर्टर हैं, ने कहा कि इजराइली सैनिक लेबनान के साथ सीमा के सीरियाई हिस्से में आगे बढ़ रहे हैं। इन खबरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था।
इजराइली सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि इजराइली टैंक द्वारा दमिश्क की ओर बढ़ने की खबरें फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि इजराइल के सैनिक अपने देश की रक्षा के लिए बफर जोन में ही रुके हुए हैं।
इजराइल की सेना ने पहले कहा था कि सैनिक अपनी रक्षा के लिए बफर जोन और अन्य जरूरी स्थानों में प्रवेश करेंगे।
इस बीच इजराइल के मीडिया ने कहा कि वायुसेना सीरिया की सैन्य परिसंपत्तियों को तबाह कर रही है ताकि आगे देश पर जो भी कब्जा करे, उसे इनका पुनर्निर्माण करना पड़े।
एपी सिम्मी