पायल कपाड़िया की ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ गोल्डन ग्लोब पुरस्कार की दो श्रेणियों में नामित
धीरज खारी
- 09 Dec 2024, 11:28 PM
- Updated: 11:28 PM
नयी दिल्ली, नौ दिसंबर (भाषा)फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया की फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ को सोमवार को 82वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार के लिए सर्वश्रेष्ठ मोशन पिक्चर (गैर-अंग्रेजी भाषा) और सर्वश्रेष्ठ निर्देशन मोशन पिक्चर श्रेणियों में नामित किया। यह फिल्म मुंबई की तीन महिलाओं और उनकी दोस्ती की कहानी पर आधारित है।
इस फिल्म ने मई में कान में ग्रैंड प्रिक्स पुरस्कार जीतकर यह पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म होने का गौरव प्राप्त किया था। यह फिल्म विभिन्न समारोहों में लगातार जीत और नामांकन दर्ज कर रही है। इस बीच, हॉलीवुड अपने वार्षिक पुरस्कार सत्र की तैयारी कर रहा है, जिसका समापन ऑस्कर के साथ होगा।
गोल्डन ग्लोब में, ‘‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’’ का मुकाबला सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी भाषा मोशन पिक्चर श्रेणी में ‘एमिलिया पेरेज’ (फ्रांस), ‘द गर्ल विद द नीडल’ (पोलैंड), ‘आई एम स्टिल हियर’ (ब्राजील), ‘द सीड ऑफ द सेक्रेड फिग’ (अमेरिका) और ‘वर्मीग्लियो’ (इटली) से होगा।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में कपाड़िया का मुकाबला ‘द ब्रूटलिस्ट’ के निर्देशक ब्रैडी कॉर्बेट, ‘द सब्सटेंस’ की कोरली फरगेट, ‘कॉन्क्लेव’ के एडवर्ड बर्गर, ‘एमिलिया पेरेज’ के निर्देशक जैक्स ऑडियार्ड और ‘एनोरा’ के सीन बेकर से होगा।
कपाड़िया ने नामित होने के बाद जारी एक बयान में कहा, ‘‘मैं इस नामांकन से बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं और इस सम्मान के लिए एचएफपीए की आभारी हूं। यह उन सभी का जश्न है जिन्होंने इस फिल्म पर इतनी लगन से काम किया है। भारत में सभी के लिए, ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ अभी भी सिनेमाघरों में है - कृपया इसे देखने जाएं और हमारा समर्थन करें।’’
भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) से स्नातक कपाड़िया ने इससे पहले प्रशंसित लघु फिल्म ‘आफ्टरनून क्लाउड्स’ और वृत्तचित्र ‘ए नाइट ऑफ नोइंग नथिंग’ का निर्देशन किया।
गोल्डन ग्लोब पुरस्कार 2022 के लिए एसएस राजामौली की ‘‘आरआरआर’’ ने सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी भाषा फिल्म और ‘‘नाटू नाटू’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए दो नामांकन प्राप्त किए थे।
शेखर कपूर को 1999 में उनकी हॉलीवुड फिल्म ‘‘एलिजाबेथ’’ के लिए निर्देशक श्रेणी में नामित किया गया था और मीरा नायर की ‘‘सलाम बॉम्बे’’ (1989) और ‘‘मॉनसून वेडिंग’’ (2002) को सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म की श्रेणी में इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। इस श्रेणी के पुरस्कार का नाम बदलकर अब सर्वश्रेष्ठ मोशन फीचर गैर-अंग्रेजी कर दिया गया है।
गोल्डन ग्लोब-2025 पुरस्कार समारोह पांच जनवरी को लॉस एंजिलिस में आयोजित किया जाएगा। भारत में इसका सीधा प्रसारण ‘लायंसगेट प्ले’ पर होगा।
भाषा धीरज