विश्व शतरंज चैंपियनशिप: गुकेश और लिरेन के बीच नौवीं बाजी भी ड्रॉ
सुधीर
- 05 Dec 2024, 08:14 PM
- Updated: 08:14 PM
सिंगापुर, पांच दिसंबर (भाषा) भारतीय चैलेंजर डी गुकेश और गत चैंपियन चीन के डिंग लिरेन के बीच विश्व शतरंज चैंपियनशिप की नौवीं बाजी भी बृहस्पतिवार को यहां ड्रॉ रही जिससे यह मुकाबला बराबरी पर बना हुआ है।
यह लगातार छठी बाजी और मुकाबले की कुल सातवीं बाजी है जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने अंक बांटे।
इस ड्रॉ के बाद दोनों खिलाड़ियों के समान 4.5 अंक हो गए हैं जो चैंपियनशिप जीतने के लिए जरूरी 7.5 अंक से तीन अंक कम हैं।
दोनों खिलाड़ियों ने 54 चाल के बाद बाजी को ड्रॉ कराने पर सहमति जताई। शुक्रवार को आराम का दिन है जिसके बाद दोनों खिलाड़ी शनिवार को फिर मुकाबला शुरू करेंगे।
इस 25 लाख डॉलर इनामी चैंपियनशिप में अब सिर्फ पांच क्लासिकल बाजियां बची हैं और अगर 14 दौर के बाद भी स्कोर बराबर रहता है तो विजेता का निर्धारण करने के लिए ‘फास्टर टाइम कंट्रोल’ के तहत बाजियां होंगी।
चीन के 32 वर्षीय लिरेन ने शुरुआती बाजी जीती थी जबकि 18 वर्षीय गुकेश तीसरी बाजी में विजयी रहे थे। दूसरी, चौथी, पांचवीं, छठी, सातवीं और आठवीं बाजी भी ड्रॉ रही थी।
गुकेश ने कहा कि वह महत्वपूर्ण क्षणों में अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘दृष्टिकोण पहले जैसा ही है... हम सिर्फ अच्छा शतरंज खेलने की कोशिश करते हैं। पिछली कुछ बाजियों में मैं बहुत अच्छा शतरंज खेलने में कामयाब रहा हूं और मेरे लिए मुख्य बात यह होगी कि मैं उसी ऊर्जा के साथ वहां जाऊं, उसी स्तर की शतरंज खेलूं और कुछ महत्वपूर्ण क्षणों में अपने खेल में थोड़ा सुधार करूं।’’
गुकेश ने कहा, ‘‘मैं बस अच्छा खेल खेलना जारी रखना चाहता हूं और उम्मीद है कि किसी समय जब मैं सही चीजें करूंगा तो मुझे विश्वास है कि परिणाम आएंगे।’’
बाकी बची पांच बाजियों में लिरेन को तीन बार सफेद मोहरों से खेलने का मौका मिलेगा लेकिन गुकेश ने कहा कि इसमें बहुत अंतर नहीं है (मोहरे चाहे काले हों या सफेद)।
गुकेश ने कहा, ‘‘आजकल कंप्यूटर के कारण सफेद और काले मोहरों के बीच बहुत अंतर नहीं है। अब यह दोनों रंगों के साथ एक समान खेल है इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि यह बहुत बड़ा लाभ है।’’
‘कैटेलन ओपनिंग’ के साथ शुरुआत करना कई दशकों से शीर्ष स्तर की बाजियों का हिस्सा रहा है और गुकेश ने इस बार सफेद मोहरों से खेलते हुए लिरेन की तैयारी को परखने के लिए इसे चुना।
चीन के खिलाड़ी ने फिर से शुरुआत में ही लंबा समय लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच मोहरों का पहला आदान-प्रदान 14वें ‘टर्न’ पर हुआ जिसमें गुकेश ने पहले समय-नियंत्रण में अपने आवंटित दो घंटों में से केवल 15 मिनट जबकि लिरेन ने 50 मिनट से अधिक का उपयोग किया।
गुकेश बेहतर स्थिति में दिख रहे थे लेकिन लिरेन ने इसके बाद अपनी चालों से उन्हें हैरान किया।
ऐसा लग रहा था कि हाथ से काफी कुछ नहीं निकला है लेकिन जब गुकेश के पास 30 मिनट से कम समय था तो चीनी के खिलाड़ी ने कई सही चालें चलीं जिससे मुकाबला बराबरी का हो गया।
गुकेश ने अपनी 23वीं चाल तक अपना पूरा अतिरिक्त समय इस्तेमाल कर लिया और वह लिरेन से कुछ मिनट पीछे हो गए। दोनों खिलाड़ियों ने इसके बाद अपने दो प्यादे गंवाए।
अपनी 24वीं चाल चलने के बाद गुकेश को अपनी स्कोर शीट पर नजर गड़ाए देखा गया जो इस बात का स्पष्ट संकेत था कि वह ड्रॉ के लिए सहमत हो जाएंगे।
गुकेश ने जल्द ही रानियों और फिर एक जोड़ी हाथी (रूक) का आदान-प्रदान किया जिससे स्थिति फिर बराबरी पर आ गई।
लिरेन को जीत की उम्मीद नजर आ रही थी लेकिन अंतत: 54 चाल के बाद वह भी ड्रॉ पर सहमत हो गए।
इस सवाल पर कि क्या वह सोशल मीडिया पर कई विशेषज्ञों द्वारा किए गए विश्लेषण पर गौर कर रहे थे, गुकेश ने नकारात्मक जवाब दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आम तौर पर प्रतियोगिता के दौरान मैं किसी भी सोशल मीडिया पर ध्यान नहीं देता, अगर मुझे कुछ जानने की जरूरत होती है तो मेरी टीम बता देती है।’’
लिरेन ने कहा कि मैच के दौरान सोशल मीडिया को ब्लॉक करने की कोई जरूरत नहीं थी और वह कभी-कभी इस पर ध्यान देते हैं और ‘कभी-कभी यह तनाव दूर करने का एक तरीका होता है।’’
भाषा