महाराष्ट्र, झारखंड में मतदान से पहले कांग्रेस कर रही है तुष्टिकरण की राजनीति: भाजपा
ब्रजेन्द्र माधव प्रशांत
- 12 Nov 2024, 09:24 PM
- Updated: 09:24 PM
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आगामी महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में हार सुनिश्चित देख कांग्रेस मुस्लिम समुदाय के विभाजनकारी तत्वों के साथ साजिश रच रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दल वोट हासिल करने के लिए मुसलमानों को खुश करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा इस बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी वोटों की खातिर मुस्लिम समुदाय के सभी रूढ़िवादी और विभाजनकारी तत्वों के साथ मिलकर षड्यंत्र कर रही है क्योंकि विधानसभा चुनावों में अपनी हार को लेकर वह आशंकित हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जब कहते हैं कि ‘एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे' तो वे (कांग्रेस) इसका मजाक उड़ाते हैं और निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाते हैं।’’
भाजपा सांसद ने संविधान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रुख पर भी सवाल उठाया और धर्म के आधार पर आरक्षण के प्रति उनकी पार्टी के दृष्टिकोण की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें एकता से दिक्कत है और वे उन ताकतों के साथ साजिश कर रहे हैं जो देश को तोड़ना चाहते हैं तथा गरीब ओबीसी के अधिकारों को छीनकर मुसलमानों को देने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा वंचित और पिछड़े लोगों से उनके अधिकार छीनने के हर प्रयास का विरोध करेगी।’’
भाजपा ने शनिवार को दावा किया था कि कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने एक मुस्लिम संगठन को आश्वासन दिया है कि वह नौकरियों और शिक्षा में समुदाय के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की उसकी मांग को पूरा करने के लिए कदम उठाएगी।
प्रसाद ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन से पूछना चाहेगी कि क्या अनुसूचित जातियों को दिए गए लाभ मुसलमानों को भी दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह संविधान के सिद्धांतों के विपरीत है, हम इसका पूरी तरह विरोध करेंगे।’’
प्रसाद ने महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के समर्थन में मराठी मुस्लिम सेवा संघ के हालिया संदेश की ओर इशारा करते हुए कहा, “उन्हें (विपक्ष) एकता से दिक्कत है और वे उन ताकतों के साथ साजिश कर रहे हैं जो देश को तोड़ना चाहती हैं। वे गरीब ओबीसी के अधिकारों को छीनकर मुसलमानों को देने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा पिछड़े और हाशिए पर पड़े लोगों से उनके अधिकार छीनने के हर प्रयास का विरोध करेगी।”
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा ने अखिल भारतीय उलेमा बोर्ड के बारे में बात की थी और आज मराठी मुस्लिम सेवा संघ के इसी प्रकार के संदेश की बात हो रही है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस और उसके सहयोगी इस एजेंडे को फैलाकर स्पष्ट रूप से मुस्लिम वोटों को आगे बढ़ा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए गैर सरकारी संगठनों को भी जुटाया जा रहा है।
हालांकि, कांग्रेस ने अखिल भारतीय उलेमा बोर्ड के कथित पत्र के साथ महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है।
झारखंड का जिक्र करते हुए प्रसाद ने जमीयत उलेमा की लोहरदगा शाखा का एक पत्र पेश किया जिसमें मुसलमानों को कथित खतरों के जवाब में 'इंडिया' गठबंधन का समर्थन करने का आग्रह किया गया था।
प्रसाद के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि समान नागरिक संहिता, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और वक्फ विधेयक का इस्तेमाल मुसलमानों को डराने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने वायनाड में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के प्रचार की भी आलोचना की और दावा किया कि उन्हें जमात-ए-इस्लामी से समर्थन मिला है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी कांग्रेस पर यह आरोप लगाया है।
भाषा ब्रजेन्द्र माधव