शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 55 अंक और टूटा
प्रेम अजय
- 08 Nov 2024, 05:37 PM
- Updated: 05:37 PM
मुंबई, आठ नवंबर (भाषा) विदेशी कोषों की निकासी जारी रहने और रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जैसे दिग्गज शेयरों में बिकवाली से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 55.47 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,486.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 424.42 अंक फिसलकर 79,117.37 अंक पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 51.15 अंक यानी 0.21 प्रतिशत गिरकर 24,148.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक और इंडसइंड बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी तरफ महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 4,888.77 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कंपनियों के तिमाही नतीजों से उपजी निराशा और एफआईआई की भारतीय बाजार से निकासी की वजह से निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया हुआ है। इससे बाजार में गिरावट का सिलसिला कायम रहा। अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने भी अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए ब्याज दर में कटौती का दौर जारी रखा है।’’
व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 1.52 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि मिडकैप में 1.18 प्रतिशत का नुकसान रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी खंड को 2.98 प्रतिशत और ऊर्जा खंड को 2.10 प्रतिशत की गिरावट का सामना करना पड़ा। हालांकि, आईटी, वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता खंड बढ़त के साथ बंद हुए।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा कि शुरुआती कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव से गुजरने के बाद बाजार एक दायरे में रहे और चुनिंदा क्षेत्रों के शेयरों में बिकवाली की वजह से हल्की गिरावट के साथ बंद हुए।
तापसे ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर मजबूती के बावजूद घरेलू बाजारों पर एफआईआई की निकासी का दबाव रहा। यहां तक कि फेडरल रिजर्व की दर कटौती भी निवेशकों की नकारात्मक धारणा को बदल नहीं पाई।’’
साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स में 237.8 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि निफ्टी को 156.15 अंक यानी 0.64 प्रतिशत का नुकसान हुआ।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए जबकि जापान का निक्की बढ़त पर रहा।
यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के अधिकांश बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.28 प्रतिशत गिरकर 74.66 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 836.34 अंक गिरकर 79,541.79 अंक पर और निफ्टी 284.70 अंक फिसलकर 24,199.35 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम