कमला हैरिस की जीत के लिए तमिलनाडु के मंदिर में अभिषेक और पूजा अर्चना
जोहेब
- 05 Nov 2024, 08:15 PM
- Updated: 08:15 PM
तिरुवरुर, पांच नवंबर (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस की जीत के लिए मंगलवार को तमिलनाडु में उनके पैतृक गांव के एक मंदिर में चंदन और हल्दी से विशेष अभिषेक और खास तरह की पूजा-अर्चना की गई।
स्थानीय पार्षद अरुलमोझी ने संवाददाताओं को बताया कि अगर वह (हैरिस) जीतती हैं तो गांव के नेता ‘अन्नदान’ (मुफ्त भोजन/सामुदायिक दोपहर भोज) का आयोजन करेंगे। इस बीच, हैरिस के तीन प्रशंसक यहां उनके ननिहाल पहुंचे और प्रार्थना में शामिल हुए।
तीन प्रशंसकों में से एक ब्रिटेन से जबकि दो अन्य अमेरिका से यहां थुलसेंद्रपुरम पहुंचे, जिन्हें देखकर स्थानीय लोग हैरान हो गये। वे गांव के बुजुर्गों से मिले और हैरिस की जीत के लिए मंदिर में आयोजित पूजा में भी हिस्सा लिया।
एक प्रशंसक ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “मैं लास वेगास से हूं और क्योंकि मैं भारत में हूं, इसलिए यहां कमला के नाना-नानी के गांव में उनका समर्थन करने आई हूं।”
प्रशंसक ने कमला की जीत की उम्मीद जताई।
गांववालों ने हैरिस के पैतृक गांव में स्थित श्री धर्म संस्था मंदिर में प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि वह पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को हराकर राष्ट्रपति बनेंगी।
थुलसेंद्रपुरम कमला के नाना और पूर्व भारतीय राजनयिक पी.वी. गोपालन का पैतृक गांव है। कमला की मां श्यामला गोपालन की बेटी थीं।
अगस्त 2020 में यह गांव उस समय सुर्खियों में आया था जब कमला को उपराष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया थआ और बाद में उसी साल इस गांव में उनकी जीत का जश्न मनाया गया।
पार्षद अरुलमोझी ने कहा, ‘‘हम प्रार्थना करते हैं कि अमेरिकी चुनाव में इस धरती की बेटी की जीत हो और वह दुनिया के सबसे प्रभावशाली देश की राष्ट्रपति बनें।’’
अरुलमोझी और उनके पति टी. सुधाकर ने चंदन और हल्दी से विशेष अभिषेक के अलावा श्री धर्म संस्था मंदिर के मूल देवता के लिए विशेष अर्चना का आयोजन किया है। मंदिर के मूल देवता कमला के पूर्वजों के कुलदेवता हैं।
ग्रामीणों ने एक बड़ा बैनर भी लगाया है जिसपर कमला की तस्वीर है। इस बैनर पर कमला को जीत के लिए शुभकामनाएं दी गयी हैं।
इसी तरह मदुरै में आध्यात्मिक संगठन अनुशनाथिन अनुग्रहम ने चार नवंबर को विशेष प्रार्थना की।
अरुलमोझी ने कहा, “कमला के पूर्वज हमारे गांव से हैं... वह एक बड़े पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं और हम चाहते हैं कि वह जीतें।’’
कमला के नाना गोपालन का जन्म इसी गांव में हुआ था। उन्होंने श्री धर्म संस्था मंदिर को करीब एक लाख रुपए का दान दिया था।
भाषा जितेंद्र