उप्र : फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से पांच लोगों की मौत, 11 घायल
सं आनन्द जफर सुरभि
- 17 Sep 2024, 02:14 PM
- Updated: 02:14 PM
(फोटो के साथ)
फिरोजाबाद (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पटाखा गोदाम एवं फैक्टरी में अचानक विस्फोट होने से दो बच्चों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नौशहरा इलाके में सोमवार रात को हुई।
शिकोहाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण तिवारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘पटाखा गोदाम एवं फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं।’’
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मीरा देवी (45), अमन (20), गौतम कुशवाहा (18), कुमारी इच्छा (तीन) और अभिनय (दो) के रूप में हुई है। इच्छा और अभिनय भाई-बहन हैं।
मंगलवार को मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की और कहा कि जब तक राज्य सरकार उन्हें मुआवजा नहीं देती, तब तक मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बाद में, शिकोहाबाद के समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मुकेश वर्मा ने कहा कि परिवार के सदस्य अंततः इस आश्वासन के बाद सहमत हुए कि उन्हें जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन दल के अधिकारियों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। शिकोहाबाद के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
इससे पहले स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पहुंचे आगरा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया था, ‘‘इमारत से अब तक लगभग 10 लोगों को निकाला गया है जिसमें से चार लोगों की मौत हुई है, जबकि छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
कुमार ने कहा, ‘‘अब भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। दमकल विभाग के कर्मचारी एवं जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की टीम तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।’’
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘घनी आबादी में किसी भी प्रकार के पटाखा गोदाम की अनुमति नहीं होती है। यह गोदाम घनी आबादी में कैसे संचालित हो रहा था, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।’’
पुलिस के अनुसार, नौशहरा में भूरे खां नामक व्यक्ति द्वारा बड़े स्तर पर पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। सोमवार रात लगभग साढ़े 10 बजे अचानक पटाखे के गोदाम में विस्फोट के साथ धमाके की आवाज हुई, जिससे पटाखा गोदाम की दीवारें ढह गईं और उसमें रह रहे एक ही परिवार के लगभग सात लोग मलबे में दब गए।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लगभग एक दर्जन मकान विस्फोट की जद में आए, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज भी काफी दूर तक सुनी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस बीच मृतकों के परिजनों ने मांग की कि क्षतिग्रस्त मकानों के निर्माण के लिए धनराशि दी जाए तथा जब तक मुआवजे का चेक नहीं दिया जाता, तब तक मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया कि मौके पर मौजूद जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौरभ दीक्षित ने परिजनों से बात की जिसके बाद परिजनों के सहयोग से मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
मौके पर मौजूद शिकोहाबाद के विधायक मुकेश वर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुआवजे के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय से बात की और मृतकों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।
वर्मा ने यह भी बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से प्रभावित लोगों के आवास के लिए 100 गज के प्लॉट की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है, ताकि जिन लोगों के घर नष्ट हुए हैं, उन्हें रहने के लिए छत मिल सके।
इस संबंध में जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में पटाखा गोदाम में हुए हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने एक संदेश में कहा, ‘‘फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद इलाके में स्थित पटाखा गोदाम में विस्फोट होने से हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’’
मौर्य ने कहा, ‘‘साथ ही प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित गति से बचाव एवं राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। ऊं शांति:।’’
भाषा सं आनन्द जफर