वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
सं आनन्द नोमान
- 09 Mar 2024, 11:28 PM
- Updated: 11:28 PM
(तस्वीरों के साथ)
वाराणसी (उप्र), नौ मार्च (भाषा) वाराणसी संसदीय क्षेत्र से तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार काशी पहुंचे और अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो किया और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की।
यहां बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई प्रमुख नेताओं ने उनका स्वागत किया।
मोदी बाबतपुर हवाई अड्डे से सड़क मार्ग से करीब 28 किलोमीटर का रोड शो करते हुए सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन पूजन किया।
प्रधानमंत्री के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मोदी मंदिर में मुख्य द्वार से ही अंदर तक हाथ जोड़कर गये और इस दौरान उनके पीछे आदित्यनाथ चल रहे थे। काशी विश्वनाथ मंदिर में पंडित श्रीकांत मिश्र के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ने पूजा अर्चना की। मंदिर में पुजारियों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना करायी और मोदी ने काशी विश्वनाथ का विधि विधान से पूजन किया।
प्रधानमंत्री के ललाट पर पुजारी ने चंदन का लेप भी लगाया। शिवरात्रि के ठीक एक दिन बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे मोदी ने रुद्राभिषेक किया।
घंटियों की गूंज के साथ ही मोदी ने काशी विश्वनाथ की आरती भी उतारी और पुष्प अर्पित किए।
उन्होंने काशी विश्वनाथ का श्रृंगार भी किया। पुजारियों ने मोदी को अंगवस्त्र देकर और माला पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया।
पुजारी ने मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा सूत्र भी बांधे।
अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में पूजा-अर्चना और परिक्रमा कर प्रधानमंत्री ने लोक कल्याण की कामना की।
वापसी में मोदी ने त्रिशूल दिखाकर उत्साहित जनता का स्वागत किया। काशी विश्वनाथ मंदिर में जुटे भक्तों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। मोदी को काशी विश्वनाथ परिसर में मुख्यमंत्री ने यह त्रिशूल भेंट किया था।
इसके पहले वाराणसी पहुंचने पर प्रधानमंत्री का हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी ने उनके स्वागत की अभूतपूर्व तैयारी की थी।
प्रधानमंत्री के स्वागत के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने एक संदेश में कहा, ''विश्व की सांस्कृतिक राजधानी, आध्यात्मिक ऊर्जा की अक्षय स्रोत, बाबा श्री विश्वनाथ की पावन धरा अविनाशी काशी में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत-अभिनंदन।''
मुख्यमंत्री ने एक दूसरे पोस्ट में प्रधानमंत्री के रोड शो का वीडियो साझा करते हुए लिखा '' आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का अविनाशी काशी में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। दिव्य, भव्य एवं नव्य काशी में हार्दिक अभिनंदन।''
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री के स्वागत के बाद 'एक्स' पर एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, ''बाबा श्री विश्वनाथ जी की पवित्र धरा काशी आगमन पर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, करोड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत एवं हम सभी के मार्गदर्शक देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का बाबतपुर एयरपोर्ट पर हार्दिक स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया।''
प्रधानमंत्री जब करीब 28 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए हवाईअड्डे से बाहर निकले, तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ काशी की जनता सड़कों पर कतार में खड़ी थी।
इसके पहले भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया था कि वाराणसी जिला और महानगर इकाई ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए 38 स्वागत स्थल बनाए हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों समेत स्थानीय लोग ढोल-नगाड़ों के बीच गुलाब की पंखुड़ियां बरसा रहे थे।
पटेल के मुताबिक, प्रधानमंत्री रोड शो के दौरान गिलट बाजार स्थित अतुलानंद स्कूल, भोजूबीर तिराहा, कचहरी चौराहा, गोलघर तिराहा, पुलिस लाइन तिराहा, सांस्कृतिक संकुल, हुकुलगंज, चौकाघाट, संपूर्णानंद मुख्य द्वार, जगतगंज स्थित प्रदीप होटल, लहुराबीर, राम कटोरा तिराहा, पिपलानी कटरा और कबीर चौरा से होकर गुजरे और लोगों ने उनका पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया।
काशी विश्वनाथ मंदिर से मोदी का काफिला बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस पहुंचा। इस दौरान शंख की ध्वनि, डमरू वादन, घंटा घड़ियाल और हर हर महादेव, मोदी-मोदी के नारों के बीच लोग उनका स्वागत करते देखे गये।
मोदी ने भी अपने संसदीय क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
पटेल ने कहा कि मोदी बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे तथा वह अपने दौरे के दूसरे दिन 10 मार्च को सुबह करीब 10 बजे बरेका हेलीपैड से आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।
भाषा सं आनन्द