रात दस बजे के मुख्य समाचार
राजकुमार माधव
- 28 Aug 2024, 10:20 PM
- Updated: 10:20 PM
नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) बुधवार को रात दस बजे तक भाषा की विभिन्न फाइलों से जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :
दि52विशेष राष्ट्रपति महिलाएं
बस! बहुत हो चुका : व्यथित राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्र से जागने का आह्वान किया
नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर आक्रोश जाहिर करने के साथ ही इस पर अंकुश लगाने का आह्वान करते हुए बुधवार को कहा कि बस! बहुत हो चुका। राष्ट्रपति ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत ऐसी ‘‘विकृतियों’’ के प्रति जागरूक हो और उस मानसिकता का मुकाबला करे जो महिलाओं को ‘‘कम शक्तिशाली’’, ‘‘कम सक्षम’’ और ‘‘कम बुद्धिमान’’ के रूप में देखती है।
अर्थ80मोदी दूसरी लीड जनधन योजना
जन धन योजना ने वित्तीय समावेशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई : मोदी
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री जन धन योजना’ के 10 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को कहा कि यह योजना सम्मान, सशक्तीकरण और राष्ट्र के आर्थिक जीवन में भागीदारी के अवसर का प्रतीक है।
प्रादे142बंगाल चौथी लीड बंद
हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच पश्चिम बंगाल में भाजपा के बंद का मिला-जुला असर रहा
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 घंटे के बंद के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं। राज्य के कई हिस्सों में बंद समर्थकों की पुलिस और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हुई और बंद का मिला-जुला असर रहा।
दि106मोदी प्रगति
प्रधानमंत्री मोदी ने सात प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित सात प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बुधवार को ‘प्रगति’ बैठक की अध्यक्षता की। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 76,500 करोड़ रुपये है। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी।
दि105भाजपा राष्ट्रपति मुर्मू महिला
महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर राष्ट्रपति की टिप्पणी मुद्दे की गंभीरता को दर्शाती है : भाजपा
नयी दिल्ली, भाजपा ने बुधवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की टिप्पणी इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाती है और अब समय आ गया है कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे मामलों में न्याय सुनिश्चित किया जाए।
दि104स्वास्थ्य अस्पताल लीड सुरक्षा
केंद्र ने चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए राज्यों को विभिन्न उपाय सुझाए
नयी दिल्ली, केंद्र ने कार्यस्थलों पर चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को राज्यों को विभिन्न कदम उठाने को कहा, जिनमें अस्पताल परिसरों में रात में गश्त, जिला अस्पतालों की सुरक्षा समीक्षा और महत्वपूर्ण स्थानों तक लोगों की पहुंच को विनियमित करना शामिल है।
दि84कांग्रेस प्रियंका उप्र शव
फर्रुखाबाद की घटना पर प्रियंका ने कहा: क्या अब दलित, पिछड़े, गरीब न्याय की आशा छोड़ दें
नयी दिल्ली, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो लड़कियों के शव बरामद किए जाने की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या अब दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब, महिलाएं, या जो भी कमजोर हैं, वे न्याय की आशा छोड़ दें।
प्रादे167झामुमो चंपई लीड इस्तीफा
भाजपा में शामिल होने से पहले चंपई सोरेन ने झामुमो छोड़ी, मंत्री और विधायक पद से इस्तीफा दिया
रांची, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह पार्टी की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों से व्यथित होकर यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुए हैं।
प्रादे162 महाराष्ट्र शिवाजी प्रतिमा दूसरीलीड झड़प
शिवाजी की प्रतिमा गिरने के लिए अजित पवार ने लोगों से माफी मांगी
मुंबई/लातुर, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने तटीय कोंकण क्षेत्र के मालवण किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना के लिए बुधवार को महाराष्ट्र के लोगों से माफी मांगी।
प्रादे143असम हिमंत यूसीसी
असम सरकार ने व्यापक यूसीसी को लागू करने के बारे में कोई फैसला नहीं किया: हिमंत
गुवाहाटी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने अभी तक एक व्यापक समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने के बारे में फैसला नहीं किया है, क्योंकि इसका ध्यान किसी विशेष धर्म को लक्षित करने पर नहीं बल्कि बाल विवाह की समस्या से निपटने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने पर है।
वि24बांग्ला लीड जमात
बांग्लादेश: यूनुस नीत अंतरिम सरकार ने जमात-ए-इस्लामी पार्टी से प्रतिबंध हटाया
ढाका, 28 अगस्त (एपी) बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने बुधवार को दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी और इसकी छात्र इकाई इस्लामी छात्र शिबिर से प्रतिबंध हटा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने शासन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान उस पर प्रतिबंध लगा दिया था।
वि15यमन बाढ़
उत्तरी यमन के एक गांव में बाढ़ से लापता हुए 24 लोग
काहिरा, उत्तरी यमन के एक गांव में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे घर और दुकानें जलमग्न हो गईं और कम से कम 24 लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अर्थ74दूसरी लीड मंत्रिमंडल औद्योगिक शहर
मंत्रिमंडल ने 12 नए औद्योगिक शहरों की स्थापना को मंजूरी दी, 28,602 करोड़ रुपये का निवेश होगा
नयी दिल्ली, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को 28,602 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 10 राज्यों में 12 नए औद्योगिक शहरों की स्थापना को मंजूरी दी।
खेल18खेल बैडमिंटन भारत
कोरिया ओपन बैडमिंटन में भारतीय चुनौती समाप्त
सियोल, अश्मिता चालिहा, मालविका बंसोड़ और आकर्षी कश्यप की बुधवार को यहं कोरिया ओपन के पहले दौर में हार के साथ इस सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय अभियान समाप्त हो गया।
खेल25खेल मोदी पैरालंपिक
प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस पैरालंपिक के लिए भारतीय दल को शुभकामनाएं दी
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पेरिस पैरालंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले भारत के दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर खिलाड़ी का साहस और दृढ़ संकल्प पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
भाषा
राजकुमार