असम के मुख्यमंत्री ने झारखंड की झामुमो सरकार पर ‘तुष्टीकरण’ की राजनीति करने का आरोप लगाया
शफीक सुरेश
- 17 Aug 2024, 08:27 PM
- Updated: 08:27 PM
गिरिडीह (झारखंड), 17 अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर राज्य में ‘‘तुष्टीकरण’’ की राजनीति करने का आरोप लगाया।
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने शनिवार को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद का दौरा किया। शर्मा ने हवलदार चौहान हेम्ब्रम के परिजनों से मुलाकात की। एक सजायाफ्ता कैदी ने 12 अगस्त को चौहान की हजारीबाग के एक अस्पताल में हत्या कर दी थी।
हेम्ब्रम की मां से मुलाकात के बाद शर्मा ने कहा, ‘‘झामुमो या कांग्रेस के किसी भी विधायक ने अभी तक आदिवासी पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं की है।’’
आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी शाहिद अंसारी हजारीबाग जिले के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच) में हेम्ब्रम पर रॉड से वार कर और गला घोंटकर उनकी हत्या करने के बाद फरार हो गया था। अंसारी का अस्पताल में इलाज चल रहा था।
असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि फरार कैदी को पकड़ने के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।
शर्मा ने कहा कि जब उन्हें घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने शनिवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी के साथ हेम्ब्रम के परिवार से मिलने का फैसला किया।
शर्मा ने कहा, ‘‘जब मैं यहां पहुंचा तो मुझे बताया गया कि पुलिस सुबह-सुबह हेम्ब्रम के परिवार के सदस्यों को अपने साथ ले गई। यहां तक कि उनके साथ रहने वाले उनके ससुराल वालों को भी बाद में अपने साथ ले गई। इस सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति की सारी हदें पार कर दी हैं।’’
शर्मा ने कहा कि उन्हें बताया गया कि पुलिस हेम्ब्रम के परिवार के सदस्यों को कुछ कागजी कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर यह पीड़ित के हित में किया जाता है तो ठीक है।’’
असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह गांव पहुंचे तो दूसरे गांव में रहने वाली हेम्ब्रम की मां उनसे मुलाकात के लिए आईं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने परिवार को आश्वासन दिया कि भाजपा उन्हें हरसंभव सहायता मुहैया कराने की कोशिश करेगी।’’
शर्मा ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसे फांसी की सजा दिलाई जाए। मैं सरकार से यह भी आग्रह करूंगा कि वह हेम्ब्रम के परिजनों को नियमों के अनुसार अनुकंपा के आधार पर नौकरी दे।’’
इस बीच, एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि हेम्ब्रम की पत्नी जोमोती देवी, बेटे महेश हेम्ब्रम और बेटी स्वाति हेम्ब्रम सहित उनके परिवार के सदस्यों ने शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने उन्हें जल्द ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया।
बयान के मुताबिक, हेम्ब्रम के आश्रित परिवार के सदस्यों को राज्य सरकार द्वारा लगभग 1.29 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
भाषा शफीक