बीटी ने भारती समूह के निवेश की सराहना की
निहारिका अजय
- 12 Aug 2024, 05:09 PM
- Updated: 05:09 PM
(अदिति खन्ना)
लंदन, 12 अगस्त (भाषा) बीटी समूह ने सोमवार को कहा कि भारती ग्लोबल का ब्रिटेन की दूरसंचार कंपनी में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी का अधिग्रहण कंपनी के भविष्य और उसकी रणनीति में ‘‘गहरे विश्वास’’ को दर्शाता है।
भारती एंटरप्राइजेज की अंतरराष्ट्रीय निवेश इकाई भारती ग्लोबल ने अल्टाइस यूके से बीटी समूह में करीब 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौते की घोषणा की है।
भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि ‘‘प्रतिष्ठित’’ ब्रिटिश कंपनी में निवेश भारती एंटरप्राइजेज के लिए एक ‘‘बड़ी उपलब्धि’’ है।
बीटी की मुख्य कार्यकारी एलिसन किर्कबी ने कहा, ‘‘ हम ऐसे निवेशकों का स्वागत करते हैं जो हमारे कारोबार के दीर्घकालिक मूल्य को पहचानते हैं और भारती ग्लोबल की ओर से किया गया यह निवेश बीटी समूह के भविष्य तथा हमारी रणनीति में विश्वास का एक बड़ा संकेत है।’’
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम कुमार दोराईस्वामी ने भी सोशल मीडिया पर इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे भारत-ब्रिटेन प्रौद्योगिकी साझेदारी की मजबूती का संकेत बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘ भारत की भारती ग्लोबल कंपनी ब्रिटेन के बीटी समूह के 24.5 प्रतिशत शेयरों में निवेश कर रही है। इससे हमें बेहद खुशी है। इससे बीटी की फाइबर बनाने, 5जी शुरू करने और सेवाओं को विकसित करने की योजनाओं को मदद मिलेगी। प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल के बाद भारत-ब्रिटेन के बीच यह विश्वास एक बड़ा कदम है।’’
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी की पिछले महीने भारत यात्रा के दौरान द्विपक्षीय प्रौद्योगिकी सुरक्षा पहल पर सहमति बनी थी।
कंपनी के बयान के अनुसार, भारती एंटरप्राइजेज की अंतरराष्ट्रीय निवेश इकाई भारती ग्लोबल, पैट्रिक ड्राही की अल्टाइस से बीटी समूह में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी तुरंत खरीदेगी और शेष 14.51 प्रतिशत हिस्सेदारी आवश्यक नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद हासिल करेगी।
हालांकि, कंपनी ने सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया लेकिन बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बीटी के करीब 15 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन पर यह सौदा लगभग चार अरब डॉलर के आसपास बैठ सकता है।
बीटी ने 1997 में भारती एयरटेल में 21 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी और अब इस प्रतिष्ठित ब्रिटिश कंपनी में 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का भारती का कदम भारतीय दूरसंचार समूह के लिए एक निर्णायक क्षण है।
मित्तल ने कहा, ‘‘ भारती और ब्रिटिश टेलीकॉम (बीटी) के बीच दो दशक से भी अधिक पुराना संबंध है। बीटी के 1997-2001 तक भारती एयरटेल लिमिटेड के निदेशक मंडल में दो सदस्य थे और उसके पास 21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। भारती समूह के इतिहास में आज यह एक महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि हम बीटी में निवेश कर रहे हैं, जो प्रतिष्ठित ब्रिटिश कंपनी है।’’
भाषा निहारिका