मुर्मू ने तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति के साथ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की
अमित माधव
- 10 Aug 2024, 05:52 PM
- Updated: 05:52 PM
(तस्वीरों के साथ)
दिली (तिमोर-लेस्ते), 10 अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं जो लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।
मुर्मू ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के साथ दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा की।
मुर्मू शनिवार को यहां पहुंचीं। यह भारत के किसी राष्ट्रपति की तिमोर-लेस्ते की पहली यात्रा है। मुर्मू को रामोस-होर्ता ने देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते’ से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने घोषणा की कि भारत शीघ्र ही दिली में एक रेजीडेंट मिशन खोलेगा।
दिली स्थित राष्ट्रपति भवन में मुर्मू का स्वागत किया गया और उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और तिमोर-लेस्ते लोकतंत्र और बहुलवाद के मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं और दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। मुझे विश्वास है कि इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।’’
मुर्मू ने कहा, ‘‘मैंने भारत और तिमोर लेस्ते के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, दवा, कृषि, क्षमता निर्माण और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए आज राष्ट्रपति रामोस-होर्ता के साथ व्यापक चर्चा की।’’
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत संबंधों को रेखांकित करते हुए दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।’’
इसके बाद तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री सनना गुस्माओ ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की। मुर्मू ने उनके साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मधुर एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच संबंधों को और मजबूत करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिली में तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री सनना गुस्माओ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंधों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।''
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच लोकतंत्र और बहुलता के साझा मूल्यों पर आधारित "गर्मजोशी भरे और सौहार्दपूर्ण संबंध" हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "दोनों नेताओं ने व्यापक मुद्दों पर बातचीत की।"
सांस्कृतिक आदान-प्रदान, रेडियो प्रसारण तथा राजनयिक, आधिकारिक और सेवा पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा छूट के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच तीन समझौते हुए।
मुर्मू ने इससे पहले अपने संबोधन में कहा कि भारत जल्द ही दिली में एक रेजिडेंट मिशन खोलने जा रहा है। उन्होंने कहा, "हम तिमोर-लेस्ते द्वारा नयी दिल्ली में अपना रेजिडेंट मिशन खोलने की भी प्रतीक्षा कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं आपको आश्वस्त करना चाहती हूं कि आने वाले समय में दिल्ली-दिली का संबंध और मजबूत होगा।"
मुर्मू को रामोस-होर्ता द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, ग्रैंड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते से सम्मानित भी किया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह सम्मान भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच गहरी मित्रता को दर्शाता है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, ‘‘तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड-कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर-लेस्ते' से नवाजा।
कार्यालय ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू को यह सम्मान सार्वजनिक सेवा में उनकी उपलब्धियों तथा शिक्षा, सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तीकरण के प्रति समर्पण के लिए दिया गया है।’’
मुर्मू ने दिली में भारत के पूर्व राष्ट्रपति वी वी गिरि की जयंती पर उन्हें दिली में पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण के तहत शनिवार सुबह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश तिमोर-लेस्ते पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड और फिजी की यात्रा की थी।
राष्ट्रपति कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण के तहत तिमोर-लेस्ते के दिली पहुंचीं।''
तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति रामोस होर्ता ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे से आते समय वहां मौजूद बच्चों ने भी उनका अभिवदन किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति तिमोर-लेस्ते में भारतीयों और ‘फ्रेंड्स आफ इंडिया’ के साथ एक सामुदायिक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगी।
भाषा अमित