असम: मुठभेड़ में हमार के तीन उग्रवादी मारे गए
नोमान माधव
- 17 Jul 2024, 09:09 PM
- Updated: 09:09 PM
सिलचर (असम), 17 जुलाई (भाषा) असम के कछार जिले में बुधवार को भीषण मुठभेड़ में हमार के कम से कम तीन संदिग्ध उग्रवादी मारे गए और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मारे गए उग्रवादी एक बड़े समूह का हिस्सा थे, जो असम-मणिपुर सीमावर्ती क्षेत्रों में “विध्वंसक गतिविधियों” को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘सुबह-सुबह एक अभियान में कछार जिले की पुलिस ने असम और पड़ोसी मणिपुर के हमार के तीन उग्रवादियों को मार गिराया। पुलिस ने दो एके राइफल, एक अन्य राइफल और एक पिस्तौल भी बरामद की है।’’
कछार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नुमल महत्ता ने बाद में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस को कृष्णापुर रोड इलाके में संदिग्ध उग्रवादियों की गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी।
उन्होंने कहा, “ पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। तीन लोगों को गंगानगर के पास तब अत्याधुनिक हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया, जब वे ऑटोरिक्शा में भुबन हिल्स की ओर जा रहे थे।”
महत्ता ने कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार, पकड़े गए तीनों लोग हमार उग्रवादी संगठन के सदस्य थे और प्रशिक्षित कैडर थे।
इनमें से दो कछार से और एक मणिपुर के चुराचांदपुर से था।
उन्होंने बताया कि उनके पास से एक एके-47 राइफल, एक एकल नाली राइफल और एक पिस्तौल के साथ-साथ कारतूस बरामद किया गया।
एसपी ने कहा, “ पूछताछ के दौरान, उन्होंने बताया किया कि उनके कुछ कैडर भुबन हिल्स के पास के जंगल में छुपे हुए हैं और भारी मात्रा में हथियारों के साथ असम-मणिपुर सीमा पर कुछ विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।”
इसके बाद, इस जानकारी के आधार पर और उग्रवादियों को पकड़ने के लिए भुबन हिल्स की ओर जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कमांडो के साथ एक विशेष अभियान शुरू किया गया और इस दौरान सुरक्षा बलों के साथ गिरफ्तार तीन उग्रवादी भी थे।
महत्ता ने कहा, “जैसे ही हम वहां पहुंचे, उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। मौके पर छह-सात उग्रवादी छुपे हुए थे। पुलिस दल ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई।”
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहन रखे थे और मुठभेड़ के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सोनाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसएमसीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने यह भी कहा कि गोलीबारी के दौरान तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें एसएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
महत्ता ने कहा, “दूसरी ओर, छह-सात उग्रवादी अंधेरे और ऊबड़-खाबड़ इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।”
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की गहन तलाशी ली गई और पुलिस ने एक और असॉल्ट राइफल, कारतूस और कई खोखे बरामद किए।
उन्होंने कहा, “सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और फरार उग्रवादियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।”
भाषा नोमान