नफरत से नहीं, प्यार-मोहब्बत से मौजूदा तंत्र को बदलें युवा : राहुल गांधी
जितेंद्र
- 08 Aug 2026, 08:51 PM
- Updated: 08:51 PM
प्रयागराज, आठ अगस्त (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को युवाओं से आह्वान किया कि वे नफरत के बजाय 'प्यार और मोहब्बत' के जरिए मौजूदा व्यवस्था को बदलें।
उन्होंने कहा कि युवाओं की इस लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे।
राहुल, यहां केपी ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने युवाओं से 'दर्द, डेटा और दौलत' के मुद्दे पर बात की और मंच पर लगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरों की ओर इशारा करते हुए कहा, ''डेटा आपका, दर्द आपका लेकिन दौलत इनकी? यह सिस्टम है। यह इन लोगों का तंत्र है।''
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''डेटा आपका, क्षमता आपकी लेकिन तंत्र ने आपको चक्रव्यूह में फंसा रखा है। इस तंत्र ने रोजगार खत्म किया, विश्वविद्यालयों पर कब्जा किया और आप पर भी आक्रमण किया है, लेकिन इस अंधेरे में आप लोगों ने रोशनी जलाई है।''
राहुल ने दिल्ली में हुए युवाओं के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं ने 'अंधेरे में टॉर्च' जलाई और देश के छात्रों को जगाया।
उन्होंने कहा कि युवाओं ने अपने डर का सामना किया और अपनी आवाज नफरत के साथ नहीं, बल्कि मोहब्बत के साथ उठाई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत की संस्कृति सत्य और अहिंसा की है, न कि नफरत की।
उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र के दिल में नफरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा, ''मोहब्बत की दुकान खोलनी है, आपको प्यार के साथ लड़ना है।''
राहुल ने कहा कि भारत के पास दुनिया के सबसे बड़े डेटा भंडारों में से एक है और यह देश की पूंजी, ताकत और संपत्ति है।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा से बनती है और ऐसे में प्रगति तथा भविष्य का निर्माण डेटा और युवाओं की क्षमता के जरिए ही होगा।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि युवाओं द्वारा तैयार किया गया डेटा उनसे लेकर बड़ी कंपनियों को दिया जा रहा है और उन्हें लगातार रील देखने व बनाने में उलझाया जा रहा है।
उन्होंने इसे 21वीं सदी का 'नशा' बताया।
राहुल ने कहा कि हर साल शिक्षा के नाम पर युवाओं के परिवारों से लाखों करोड़ रुपये लिए जाते हैं लेकिन पढ़ाई पूरी करने के बाद मिलने वाली डिग्री या प्रमाणपत्र रोजगार की गारंटी नहीं देता।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों और बदनीयती के कारण युवाओं के लिए विनिर्माण, उद्यमिता, सार्वजनिक क्षेत्र और सरकारी नौकरियों के अवसर कम हुए हैं।
कांग्रेस सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि एआई के जरिए कॉरपोरेट क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी सीमित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को ''भयंकर दर्द'' हो रहा है।
राहुल ने अदाणी और भारतीय जनता पार्टी की संपत्ति में कई गुना वृद्धि होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि इससे लोगों का ध्यान भटकाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी राजनीतिक तंत्र का इस्तेमाल करते हैं और ''वोट चोरी'' होती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के उच्च पदों पर आरएसएस के प्रचारकों को नियुक्त कर विचारों को नियंत्रित किया जा रहा है।
राहुल ने कार्यक्रम के दौरान मंच पर आए कुछ युवाओं और छात्रों से संवाद किया तथा मौजूदा परिस्थितियों को लेकर उनके विचार सुने।
भाषा राजेंद्र सलीम जितेंद्र
जितेंद्र
0808 2051 प्रयागराज