राजग में नहीं हूं, लोगों के मुद्दे उठाने के लिए बैठक में हुआ शामिल : एनसीपीआई के अबू ताहिर
दिलीप
- 07 Aug 2026, 08:20 PM
- Updated: 08:20 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सांसद अबू ताहिर ने कहा कि वह ''राजग में नहीं हैं'', हालांकि वह शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कई सहयोगी दलों के सांसदों के लिए नाश्ते पर आयोजित बैठक में शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से सांसद ताहिर ने कहा कि इस कार्यक्रम में वह सिर्फ लोगों के मुद्दे उठाने के लिए शामिल हुए। इन मुद्दों में, राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए जाने, मस्जिदों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पाबंदी और उनके संसदीय क्षेत्र में नयी रेलवे लाइन की मांग शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक अपनी चिंताओं से उन्हें सीधे अवगत कराने का एक अवसर था, न कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने का कोई संकेत।
ताहिर ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''बैठक अच्छी रही। बैठक में जाने का मेरा एकमात्र मकसद कुछ मुद्दों को उठाना था।''
बृहस्पतिवार को, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में उठाए गए मुद्दों के अलावा, ताहिर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों के पास एक नयी रेलवे लाइन पर विचार करने का भी आग्रह किया।
ताहिर ने इन अटकलों को खारिज कर दिया कि बैठक में उनकी मौजूदगी सत्तारूढ़ गठबंधन को समर्थन का संकेत है।
उन्होंने कहा, ''हम राजग में नहीं हैं... मैं एनसीपीआई में हूं... जब मैं एनसीपीआई छोड़ूंगा, तो आपको बता दूंगा।''
ताहिर ने एनसीपीआई के अन्य सांसदों खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान के साथ बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात की थी तथा एक ज्ञापन सौंपा था। इसमें मस्जिदों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर कथित पाबंदियों और पश्चिम बंगाल में हाल में हुई एसआईआर की प्रक्रिया के बाद वास्तविक मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए जाने को लेकर चिंता जताई गई।
मस्जिदों को लाउडस्पीकर हटाने के निर्देश दिए जाने की खबरों का जिक्र करते हुए, ज्ञापन में प्राधिकारों से आग्रह किया गया कि वे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शोर-शराबे से जुड़े नियमों को ''निष्पक्ष, एकसमान और संवेदनशील तरीके से लागू'' करना सुनिश्चित करें।
एसआईआर के मुद्दे पर सांसदों ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे वास्तविक मतदाता हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। वे अब अधिकरण के फैसले का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें पासपोर्ट सत्यापन, भूमि निबंधन और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने में दिक्कत हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को राजग के सहयोगी दलों के 40 से अधिक सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की। इन पार्टियों में एनसीपीआई, शिवसेना, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले), राष्ट्रीय लोक मोर्चा, अन्नाद्रमुक और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल शामिल थीं।
बैठक में ताहिर, रहमान और पठान भी मौजूद थे, हालांकि उनका कहना है कि वे राजग का हिस्सा नहीं हैं।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
0708 2020 दिल्ली