बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामला: मिहिर शाह को अदालत ने 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा
योगेश रंजन
- 10 Jul 2024, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया जबकि सत्तारूढ़ शिवसेना ने उसके पिता राजेश शाह को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने शहर के उस बार में किए गए अनधिकृत निर्माण कार्यों को ढहा दिया, जहां बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले का मुख्य आरोपी कथित तौर पर दुर्घटना को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले गया था।
रविवार सुबह दक्षिण-मध्य मुंबई के वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उस पर पीछे बैठी कावेरी नखवा (45) की मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रदीप घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि कार मुख्य आरोपी मिहिर शाह चला रहा था। मिहिर को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की ।
बीएमसी ने जुहू स्थित वाइस-ग्लोबल तापस बार में यह कार्रवाई की और 3,500 वर्ग फुट के अवैध निर्माण को गिरा दिया।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि के-वेस्ट वार्ड कार्यालय की टीम आज सुबह वाइस-ग्लोबल तापस बार पहुंची और उसके अंदर किए गए अनधिकृत निर्माण और बदलावों को ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि भूतल पर लगभग 1,500 वर्ग फुट अतिरिक्त जगह लोहे की शेड लगाने के लिए बिना अनुमति के बना ली गई थी जबकि प्रथम तल पर कुछ क्षेत्र पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था।
राज्य आबकारी विभाग ने पहले ही बार को सील कर दिया था।
मिहिर शाह और उसके दोस्त शनिवार रात को बार में गए थे। इसके कुछ घंटे बाद ही यह दुर्घटना हुई थी।
आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने पहले कहा था कि बार प्रबंधक ने मिहिर को शराब परोसी थी और न्यूनतम 25 साल की उम्र में शराब सेवन की अनुमति के प्रावधान वाले महाराष्ट्र के कानून का उल्लंघन किया था। मिहिर 24 साल का होने वाला है ।
मिहिर शाह को मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (सिवरी अदालत) एस पी भोसले के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे 16 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि मिहिर शाह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने बाल और दाढ़ी कटवाकर अपना हुलिया बदल लिया था।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि यह पता लगाना आवश्यक है कि उसे हुलिया बदलने में किसने मदद की।
सरकारी अभियोजक रवींद्र पाटिल और भारती भोसले ने मिहिर शाह की अधिकतम हिरासत की मांग करते हुए कहा कि वह सह-आरोपियों की मदद से अपराध स्थल से फरार हो गया था और पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि उसे फरार होने और छिपे रहने में किसने मदद की थी।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत से कहा कि यह एक क्रूर और हृदयविदारक अपराध है और आरोपी को अधिकतम हिरासत में रखा जाना चाहिए क्योंकि उन्हें यह जांच करनी है कि उसे भागने में किसने मदद की और साथ ही कार की नंबर प्लेट अभी तक बरामद नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार कावेरी नखवा को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार से लगभग 1.5 किलोमीटर तक घसीटा गया और उसके बाद मिहिर ने कार रोकी, अपनी जगह ड्राइवर को बिठाया और दूसरी कार में वहां से भाग गया।
पुलिस के अनुसार राजेश शाह ने दुर्घटना के बाद मिहिर के भागने में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
चालक बिदावत जो कार में सवार था और उसने बाद में मिहिर से कथित तौर पर सीट की अदला-बदली की, पहले से ही 11 जुलाई तक पुलिस की हिरासत में है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बुधवार को राजेश शाह को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया।
हालांकि शाह अब भी शिवसेना के सदस्य हैं। शिंदे ने कहा कि किसी का समर्थन करने का सवाल ही नहीं उठता और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
शिंदे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को मुंबई के बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले में 'बुलडोजर न्याय' की मांग की।
उन्होंने पूछा कि मामले में दंडात्मक कार्रवाई के तौर पर राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह के घर पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया जा रहा है?
वर्ली से विधायक ठाकरे ने कहा, "जो सरकार बुलडोजर न्याय में विश्वास करती है उसे उनके (आरोपी) घर पर बुलडोजर चलाना चाहिए। मैं मिहिर राजेश शाह के घर पर 'बुलडोजर न्याय' देखना चाहूंगा।"
बुलडोजर न्याय का मतलब उन व्यक्तियों की संपत्तियों को शक्तिशाली मोटर चालित मशीनों से ध्वस्त करना है जिन पर गंभीर अपराधों में संलिप्त होने के आरोप हैं। ऐसी कई दंडात्मक कार्रवाई की खबरें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों जैसे मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से सामने आती रही हैं।
ठाकरे ने इस बात पर जोर दिया कि बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले को हत्या का मामला माना जाना चाहिए तथा उसके अनुसार ही कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाषा योगेश