कर्नाटक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर असंतोष सड़कों पर उतरा
सुरेश
- 06 Aug 2026, 10:27 PM
- Updated: 10:27 PM
बेंगलुरु, छह अगस्त (भाषा) कर्नाटक में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर असंतोष बृहस्पतिवार को भी सड़कों पर देखने को मिला। यह स्थिति तब भी बनी रही जब मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक दिन पहले नाराज विधायकों के साथ सुलह बैठक की थी। इस बीच कोलार और हावेरी जिलों में पार्टी विधायकों के समर्थकों ने प्रदर्शन किया।
बंगारपेट से विधायक एस. एन. नारायणस्वामी के समर्थकों ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने के विरोध में शहर में बंद आहूत किया। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी गैर-जरूरी सेवाएं बंद रहीं और बंद के कारण बस तथा ऑटो-रिक्शा सेवाएं प्रभावित हुईं।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस बंद को किसान संघ, दलित संगठनों, तालुक कांग्रेस इकाई, होटल मालिक संघ और अन्य स्थानीय संगठनों समेत कई संगठनों का समर्थन मिला।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बंद का उद्देश्य नारायणस्वामी को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त करना था।
हावेरी जिले में ब्याडगी से विधायक बसवराज शिवन्नावर के समर्थकों ने ब्याडगी-हावेरी मठ से मल्लीलार महादेवप्पा सर्किल तक जुलूस निकाला और उन्हें (विधायक को) मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग को लेकर नारे लगाए।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तर कर्नाटक के कुरुबा समुदाय के एक प्रमुख नेता को मंत्रिमंडल में उचित प्रतिनिधित्व से वंचित किया गया है।
ये नए प्रदर्शन एक दिन बाद हुए, जब बागेपल्ली से विधायक एस. एन. सुब्बा रेड्डी के समर्थकों ने चिक्कबल्लापुर जिले के बागेपल्ली, चेलूर और गुडिबांडे तालुकों में सुबह से शाम तक बंद कराया था। पुलिस ने बताया था कि प्रदर्शनकारियों ने दुकानों को बंद कराया, केएसआरटीसी बसों को रोका, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों को खड़ा कर सड़कों को अवरुद्ध किया तथा टायर जलाए। वे तीन बार के विधायक सुब्बा रेड्डी को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की मांग कर रहे थे।
ये प्रदर्शन संकेत देते हैं कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा नाराज विधायकों को मनाने के प्रयासों के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर असंतोष बरकरार है।
मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के दो महीने बाद शिवकुमार ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए 19 मंत्रियों को शामिल किया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश
0608 2227 बेंगलुरु