हरियाणा के पिंजौर में रोडवेज बस पलटने से 50 लोग घायल; अधिकांश स्कूली बच्चे
अमित नरेश
- 08 Jul 2024, 04:08 PM
- Updated: 04:08 PM
(तस्वीरों सहित)
चंडीगढ़, आठ जुलाई (भाषा) हरियाणा के पिंजौर में सोमवार को क्षमता से अधिक सवारियों को ले जा रही रोडवेज की एक मिनी बस के पलट जाने से 50 लोग घायल हो गये, जिनमें अधिकांश स्कूली बच्चे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कालका के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस जब पंचकूला जिले के पिंजौर के निकट पहाड़ी क्षेत्र से गुजर रही थी तो एक मोड़ के पास सड़क से फिसलकर पलट गई।
पंचकूला के उपायुक्त यश गर्ग ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना के बाद लगभग 50 यात्रियों, जिनमें अधिकतर बच्चे थे, को पंचकूला और पिंजौर के अस्पतालों में लाया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें आयीं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया गया कि अधिकांश बच्चे सदमे में थे।
उपायुक्त गर्ग ने कहा, ‘‘अस्पताल लाये गए 23-24 बच्चे ठीक हैं। उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। मुझे लगता है कि केवल पांच से सात या शायद इससे भी कम लोग अस्पताल में भर्ती होंगे, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।" उन्होंने कहा कि दो-तीन बच्चों को फ्रैक्चर हुआ है।
उन्होंने बताया कि हालांकि, एक बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आयी हैं और उसे चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर भेजा गया है।
कुछ लोगों का कहना है कि दुर्घटना के समय महिला सड़क पर थी।
घायलों में बस का कंडक्टर भी शामिल है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि बस के चालक और परिचालक को निलंबित कर दिया गया है।
गुप्ता ने बताया, ‘‘बस में क्षमता से अधिक सवारी थीं और हमें बताया गया है कि वाहन की गति भी कुछ अधिक थी। जैसे ही बस एक मोड़ के पास पहुंची तो वह पलट गई।’’
उन्होंने कहा, "हमारी पहली प्राथमिकता घायलों को बचाना और उन्हें सर्वश्रेष्ठ उपचार मुहैया कराना है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या मिनी बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, गर्ग ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि वाहन की क्षमता 40-50 लोगों की थी, लेकिन इसमें अधिक लोग सवार थे।
उन्होंने कहा, "कुछ बच्चों ने कहा है कि बस की गति थोड़ी अधिक थी.... दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।"
इससे पहले पंचकूला सिविल अस्पताल में पत्रकारों से बात करते हुए गर्ग ने कहा कि हरियाणा रोडवेज की मिनी बस एक मोड़ के पास पलट गई।
गर्ग ने कहा, "दुर्घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमारा मुख्य ध्यान बचाव पर है। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत स्थिर हैं, किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है।"
उन्होंने बताया कि पंचकूला सिविल अस्पताल में लाए गए 30 बच्चों के अलावा, चार वयस्कों को भी वहां लाया गया था और उनमें से एक 60 वर्षीय महिला है, जिसे हाथ पर चोट लगी है और उसे पीजीआईएमईआर रेफर कर दिया गया है।
गर्ग ने कहा कि एक अन्य घायल व्यक्ति को आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया है।
बस में सवार जयपाल ने पंचकूला में संवाददाताओं को बताया कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। जयपाल ने कहा, "बस अचानक एक मोड़ के पास हिलने लगी और पलट गई।"
हरियाणा रोडवेज के पंचकूला डिपो के महाप्रबंधक अशोक कौशिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना की जांच की जाएगी।
विधानसभाध्यक्ष के इस दावे पर कि बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और उसकी गति तेज थी, कौशिक ने कहा, "सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच की जाएगी।"
गुप्ता ने कहा कि मंगलवार से लोगों की सुविधा के लिए इस मार्ग पर एक अतिरिक्त बस चलाई जाएगी।
भाषा अमित