फ्रेंच ओपन : सिनर और सबालेंका अगले दौर में
नमिता
- 27 May 2026, 10:39 AM
- Updated: 10:39 AM
पेरिस, 27 मई (एपी) शीर्ष रैंकिंग पर काबिज पुरुष खिलाड़ी यानिक सिनर और महिला खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने फ्रेंच ओपन टेनिस ग्रैंडस्लैम के अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की जबकि दानिल मेदवेदेव पांच सेट तक चले मुकाबले में हारकर बाहर हो गए।
सबालेंका ने कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर जेसिका बुजास मानेरो को 6-4, 6-2 से हराया और रात के सत्र में खेलते हुए सिनर ने फ्रांस के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी क्लेमेंट टैबुर को 6-1, 6-3, 6-4 से बुरी तरह पराजित किया।
महिला वर्ग में पिछले साल की उप विजेता रहीं अमेरिकी खिलाड़ी कोको गॉफ ने हमवतन टेलर टाउनसेंड पर 6-4, 6-0 की जीत के साथ की जबकि चार बार की मेजर विजेता नाओमी ओसाका ने लॉरा सीगमंड को 6-3, 7-6 (3) से पराजित किया।
लगातार तीसरे दिन पेरिस में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया और 35 डिग्री सेल्सियस (95 फारेनहाइट) तक पहुंच गया।
असामान्य रूप से गर्म मौसम के कारण कोर्ट सामान्य से ज्यादा तेज हो गए। मेदवेदेव आमतौर पर ऐसे मौसम में अच्छा खेलते हैं, लेकिन उन्हें 97वीं रैंकिंग वाले ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी एडम वाल्टन के से पांच सेट के मैच में हार का सामना करना पड़ा।
वाइल्ड कार्ड धारी वाल्टन ने मेदवेदेव को 6-2, 1-6, 6-1, 1-6, 6-4 से शिकस्त दी। इस तरह मेदवेदेव यहां लगातार दूसरे साल और चार वर्षों में तीसरी दफा पहले दौर से बाहर हुए।
मेदवेदव ने कहा, ''मुझे पता है कि मैं रोलां गैरों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन क्यों नहीं कर पाता, लेकिन अगर मैं यह बताऊंगा, तो यह बहाना लगेगा। इसलिए मैं यह बात अपने तक ही रखता हूं। ''
रात के सत्र में खेलते हुए सिनर ने सिनर ने 171वीं रैंकिंग पर काबिज टैबुर को शिकस्त दी। इसके साथ ही उनकी जीत का सिलसिला 30 मैच तक पहुंच गया है और अब वह अपने टेनिस करियर के एकमात्र बड़े ख़िताब को जीतने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
2021 में नोवाक जोकोविच से हारकर उपविजेता रहे स्टेफानोस सिटसिपास फ्रांस के अलेक्जेंडर मुलर के खिलाफ़ 6-2, 3-0 से आगे चल रहे थे। लेकिन मुलर ने चोट के कारण मैच से नाम वापस ले लिया।
नौवीं वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर बुब्लिक को जान-लेनार्ड स्ट्रफ ने 7-5, 6-7 (6), 6-4, 7-5 से हराया।
अलेक्जेंडर ब्लॉकक्स ने अपने टखने में मोच आने के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही, दूसरे दौर में उनके निर्धारित प्रतिद्वंद्वी एलेक्स डी मिनौर तीसरे राउंड में पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
फ्रांस के किशोर मोइज कौमे ने मारिन सिलिच को 7-6 (4), 6-2, 6-1 से हराकर अपने फ्रेंच ओपन करियर की शानदार शुरुआत की। 17 साल के कौमे ने 39 साल के फ्रांसीसी खिलाड़ी गेल मोंफिल्स के रोलां गैरां में अपना आखिरी मैच खेलने के ठीक एक दिन बाद जीत हासिल की।
महिला वर्ग में पिछले साल 361वीं रैंक पर होने के बावजूद अप्रत्याशित रूप से सेमीफाइनल तक पहुंची फ्रांसीसी खिलाड़ी लोइस बोइसन 22वीं वरीयता प्राप्त अन्ना कालिनस्काया से 6-2, 6-2 से हार गईं।
एपी
नमिता
नमिता
2705 1039 पेरिस