दिल्ली सरकार ने युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए 'टैलेंट हंट स्कीम - हौसलों की उड़ान' शुरू की
माधव
- 20 May 2026, 07:09 PM
- Updated: 07:09 PM
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए 'टैलेंट हंट स्कीम- हौसलों की उड़ान 2026-27' की बुधवार को शुरुआत की।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि हर युवा में प्रतिभा होती है और आवश्यकता केवल उसे सही अवसर और मंच देने की है तथा इसी सोच के साथ कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा इस योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हौसलों की उड़ान' केवल प्रतिभा खोज कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने और उन्हें देश और दुनिया के सामने अपनी पहचान बनाने का अवसर देने वाला मंच है।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने एक पोर्टल भी जारी किया जिसके माध्यम से 16-35 आयु वर्ग के लोग इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, " नृत्य श्रेणी में शास्त्रीय, लोक नृत्य तथा आधुनिक/गैर-शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा ललित कला एवं डिजिटल आर्ट, मूर्तिकला एवं काव्य, संगीत रचना, वाद्य संगीत और अभिनय एवं रंगमंच जैसी विधाओं में भी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।"
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं की खोज करना नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं के लिए एक ऐसा मंच तैयार करना है जो सुगमता, समावेशिता, विविधता और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों को बढ़ावा दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं को समान अवसर प्रदान करते हुए उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा देगी।
गुप्ता के अनुसार यह योजना दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू की जाएगी। योजना के लिए 10 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत लगभग 25,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रतियोगिता में कुल सात प्रमुख विधाओं में मुकाबला आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2.5 लाख रुपये, दूसरा स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 1.5 लाख रुपये और चौथा स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस योजना के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया।
दिल्ली के कला, संस्कृति व भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह पहल दिल्ली के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और हुनर को एक बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और उनके आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव
2005 1909 दिल्ली