नीट-यूजी: प्रधान ने तैयारियों की समीक्षा की, फर्जी टेलीग्राम चैनल पर कार्रवाई के आदेश दिए
सुरेश
- 20 May 2026, 06:58 PM
- Updated: 06:58 PM
(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रधान ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा से संबंधित गलत सूचना फैलाने वाले फर्जी टेलीग्राम चैनल के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, मंत्री ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) का सुरक्षित, निष्पक्ष और सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक भी बैठक में उपस्थित थे। बैठक में कमियों की पहले से पहचान करने और समय पर ऐहतियाती एवं सुधारात्मक उपायों को सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि कई ऐसे चैनल प्रमुख परीक्षाओं से पहले बेहद सक्रिय हो जाते हैं, तथा फर्जी पेपर लीक के दावे, क्लिकबेट सामग्री और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करते हैं। इससे छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
इस बात पर जोर दिया गया कि ऐसे कई लिंक उपयोगकर्ताओं को स्वचालित बॉट और फर्जी समूहों की ओर से भेजे जाते हैं, जिन्हें गलत जानकारी फैलाने के लिए तैयार किया जाता है।
खुफिया एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, कई संदिग्ध चैनल सीमित संख्या में फोन नंबरों के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं, जो समन्वित और संगठित गतिविधि की ओर संकेत करते हैं।
प्रधान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ केंद्रित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसमें परीक्षाओं से पहले फर्जी जानकारी फैलाने वाले चैनल की पहचान, उन्हें ब्लॉक करने और हटाने की कार्रवाई शामिल है।
मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया मंच को गलत जानकारी पर तेजी से रोक लगाने और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए शिक्षा मंत्रालय, एनटीए और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को करीबी समन्वय में काम करना चाहिए।
स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच हाल में एनटीए ने रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मामले की जांच कर रहा है, जबकि 21 जून को पुनः परीक्षा आयोजित होने वाली है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश
2005 1858 दिल्ली