बिहार : गयाजी से बैंकॉक के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान, डोभी आईएमसी के लिए बनेगा जलाशय
धीरज
- 20 May 2026, 06:53 PM
- Updated: 06:53 PM
पटना, 20 मई (भाषा) बिहार मंत्रिमंडल ने बुधवार को गयाजी जिले के डोभी स्थित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) के लिए जल आपूर्ति सुनिश्चित करने संबंधी महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बैंकॉक (थाईलैंड) के लिए सीधी उड़ान शुरू करने के प्रस्ताव पर भी अपनी मुहर लगा दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारा परियोजना के तहत डोभी स्थित आईएमसी के लिए जल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए जलाशय निर्माण के वास्ते भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। यह परियोजना भारत सरकार द्वारा ईस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि आईएमसी में प्रस्तावित उद्योगों की जल आवश्यकता का आकलन राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी) ने किया है। प्रारंभिक चरण में 8.5 एमएलडी तथा भविष्य में कुल 19 एमएलडी जल की आवश्यकता बताई गई है। इसके लिए प्रतिवर्ष लगभग 8.5 एमसीएम पानी की जरूरत होगी।
चौधरी ने बताया कि जल संसाधन विभाग के क्षेत्रीय अभियंता ने 8.5 एमसीएम भंडारण क्षमता वाले जलाशय के निर्माण के लिए लगभग 324 एकड़ भूमि की आवश्यकता बताई है। इसके लिए 428 करोड़ रुपये मंजूर किये गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गयाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बैंकॉक के बीच सीधी उड़ान शुरू करने के लिए इंडिगो एयरलाइंस का चयन किया है।
सरकार ने मेसर्स इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो एयरलाइंस) की एकल निविदा को नामांकन के आधार पर मंजूरी देते हुए व्यवहार्यता अंतर निधि (वायबिलिटी गैप फंडिंग) के तहत अधिकतम 12 माह के लिए 10 करोड़ 40 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की है।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इस नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा के शुरू होने से बिहार, विशेषकर बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों को सुविधा होगी। थाईलैंड से हर वर्ष बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु भारत के बौद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए आते हैं, जिनमें बोधगया का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, आतिथ्य, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार समेत कई क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आसूचना तंत्र को विकसित करने के उद्देश्य से विशेष शाखा के तहत पुलिस महानिरीक्षक (आईजी बॉर्डर) के एक नए पद के सृजन को भी मंजूरी दे दी।
उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि नए पद के सृजन से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी होगी तथा खुफिया सूचनाओं के संग्रह, विश्लेषण और समन्वय को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा उसके अधीनस्थ संस्थानों में तकनीकी और विशेषज्ञ सेवाओं के लिए ''युवा पेशेवर चयन नीति-2026'' को भी मंजूरी दी गई है।
चौधरी ने बताया कि नयी नीति के तहत विभिन्न तकनीकी, शोध एवं विशेषज्ञ कार्यों के लिए योग्य युवा पेशेवरों की नियुक्ति की जाएगी।
भाषा कैलाश धीरज
धीरज
2005 1853 पटना