केरल के मुख्यमंत्री सतीशन वित्त और कानून विभाग संभालेंगे
पारुल
- 20 May 2026, 07:35 PM
- Updated: 07:35 PM
तिरुवनंतपुरम, 20 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह सहित 35 विभागों का कार्यभार संभालेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विभागों के आवंटन के सिलसिले में मुख्यमंत्री की सिफारिशों को मंजूरी दे दी है। 'लोक भवन' ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सतीशन के अलावा संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने 18 मई को शपथ ग्रहण की थी।
लोक भवन के मुताबिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह, सतर्कता और तीन अन्य विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बाद में राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से विभागों के आवंटन की जानकारी दी गई, जिसके अनुसार मुख्यमंत्री सभी महत्वपूर्ण नीतिगत मामलों और अन्यत्र उल्लेखित न किए गए विषयों को भी संभालेंगे।
अधिसूचना में कहा गया कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पीके कुन्हालीकुट्टी उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप, खनन एवं भूविज्ञान और हथकरघा एवं वस्त्र विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
लोक भवन ने बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन स्वास्थ्य, देवस्वोम, खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा शिक्षा सहित सात विभागों का नेतृत्व करेंगे।
इनके अलावा, रोजी एम जॉन उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे, जबकि एपी अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग के प्रमुख होंगे तथा एन. शम्सुद्दीन सामान्य शिक्षा मंत्री होंगे।
लोक भवन के मुताबिक, रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास विभाग सौंपा गया है, जबकि केरल कांग्रेस (जोसेफ) के विधायक मोन जोसेफ सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता एवं आवास विभागों के प्रमुख होंगे।
उसने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी केरल कांग्रेस (जैकब) के विधायक अनूप जैकब संभालेंगे, जबकि आईयूएमएल के विधायक वीई अब्दुल गफूर मत्स्य विभाग का नेतृत्व करेंगे।
लोक भवन के अनुसार, आईयूएमएल विधायक पीके बशीर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख होंगे, जबकि केएम शाजी को स्थानीय स्वशासन प्राधिकरण का प्रभार सौंपा गया है।
लोक भवन के मुताबिक, मंत्रिपरिषद में शामिल कांग्रेस नेताओं में से पीसी विष्णुनाध को पर्यटन, संस्कृति, केरल चलचित्र अकादमी और दो अन्य विभागों का प्रभार दिया गया, जबकि एम लिजू सहकारिता और उत्पाद शुल्क और टी सिद्दीकी कृषि और तीन अन्य विभागों का कार्यभार संभालेंगे।
उसने बताया कि केए तुलसी को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग विकास मंत्री नियुक्त किया गया है।
भाषा
शफीक पारुल
पारुल
2005 1935 तिरुवनंतपुरम