पहले भी मंत्रियों के विभागों की अधिसूचना जारी होने में अधिक समय लगता रहा है : ए के एंटनी
पवनेश
- 19 May 2026, 08:01 PM
- Updated: 08:01 PM
तिरुवनंतपुरम, 19 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी ने मंगलवार को कहा कि वर्तमान यूडीएफ सरकार के मुकाबले पहले भी मंत्रियों के विभागों की अधिसूचना जारी होने में अधिक समय लगता रहा है।
एंटनी की यह टिप्पणी कांग्रेस नीत यूडीएफ में कुछ विभागों को सहयोगी दलों को आवंटित किये जाने को लेकर कथित मतभेदों के बीच आई है, जिसके कारण मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के नेतृत्व वाले नवगठित मंत्रिमंडल में मंत्रियों के विभागों की घोषणा में देरी हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री के एन बालगोपाल के इस दावे को सत्यापित किया जाना चाहिए कि एलडीएफ सरकार के सत्ता छोड़ने के समय सरकारी खजाने में करीब 6,000 करोड़ रुपये की नकदी मौजूद थी ।
उन्होंने दावा किया कि राज्य की वित्तीय स्थिति पूरी तरह चरमरा गई थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि राज्य की वर्तमान वित्तीय स्थिति वर्ष 2001 की तुलना में 10 गुना अधिक खराब है, जब सरकार के पास मंत्रियों की दिल्ली यात्रा के लिए इंडियन एयरलाइंस के हवाई टिकट तक खरीदने के पैसे नहीं थे।
एंटनी ने यहां अपने आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, "ऐसी स्थिति के बावजूद, मैं सतीशन और उनकी टीम को यूडीएफ द्वारा किए गए कुछ वादों को पूरा करने के लिए बधाई देता हूं।"
वह यूडीएफ सरकार के उस फैसले का उल्लेख कर रहे थे, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3,000 रुपये तथा आंगनवाड़ी कर्मियों और सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनाने वाले कर्मचारियों सहित विभिन्न अन्य श्रेणियों के कामगारों के मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
सरकार ने यह भी निर्णय किया कि 15 जून से राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा लागू की जाएगी। यह उन पांच "इंदिरा गारंटी" में से एक है, जिसका वादा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किया था।
एंटनी ने यह बात पत्रकारों से तब कही जब उनके पास पलक्कड़ जिले की कोंगड विधानसभा सीट से निर्वाचित कांग्रेस विधायक के. ए. तुलसी और उनके पति तथा पार्टी सांसद वी. के. श्रीकंदन मुलाकात के लिए आए थे।
उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास में आज जितनी महिलाएं, अनुसूचित जाति समुदाय के प्रतिनिधि और युवा विधायक हैं, उतने पहले कभी नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि पहले अनुसूचित जाति समुदाय के लिए आरक्षित सीटों पर मार्क्सवादी दल जीत हासिल करता था और महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या भी बहुत कम थी।
एंटनी ने कोंगड से जीत हासिल करने पर तुलसी को बधाई दी।
भाषा रंजन पवनेश
पवनेश
1905 2001 तिरुवनंतपुरम