भाजपा ने चुनावी बॉण्ड के जरिये लूट की है और जनता को महंगाई से राहत नहीं दे पा रही : डोटासरा
कुंज राजकुमार रंजन
- 15 Mar 2024, 09:46 PM
- Updated: 09:46 PM
जयपुर, 15 मार्च (भाषा) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने चुनावी बॉण्ड के जरिए लूट की है और वह जनता को महंगाई से राहत नहीं दे पा रही है।
डोटासरा ने दावा किया कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतें पड़ोसी राज्य हरियाणा के बराबर करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी विफल हो गई है, और यह लोगों को धोखा देने की गारंटी है।
कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चुनावी बॉण्ड का जो घोटाला है यह सबको मात दे गया.. ‘‘चोरी और सीना जोरी’’ की कहावत मोदी जी की सरकार पर फिट बैठती है। विपक्ष और कंपनियों को धमकाओं.. चहेतों को टेंडर दो।
उन्होंने कहा कि ‘‘राजनीति के अंदर कोई भी ऐसी पार्टी नहीं जो किसी से चंदा नहीं लेती है लेकिन अगर वो सत्तारूढ पार्टी है और ‘गिव एंड टेक’ करती है.. किसी काम के बदले या किसी जांच को प्रभावित करने के बदले या अपराध को छुपाने के बदले अगर उसने (सत्तारूढ पार्टी ने) पैसा लिया है तो देश और दुनिया में उससे बडा कोई बेईमान हो नहीं सकता है।’’
उन्होंने कहा यह संस्थागत भ्रष्टाचार किया गया है और जिस प्रकार उच्चतम न्यायालय ने असंवैधानिक योजना बताया है इसका मतलब यह हुआ जो योजना असंवैधानिक है उससे लिया गया पैसा भी पूरी तरह से असंवैधानिक है गैर कानूनी है।
उन्होंने कहा ‘‘इन्होंने जिस प्रकार से संगठित गिरोह के रूप में काम करते हुए देश की संपदा को लूटा है.. महंगे दामों में ठेके दिये है.. मैनेज करके ठेके दिये है.. मुकदमें किये हैं.. छापे डाले हैं और फिर उन मामलों को दबाने के लिये पैसा लिया है.. जिस प्रकार का यह कुकृत्य किया गया है.. अपराध किया गया है.. इस देश की जनता इनको माफ करने वाली नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा जिस प्रकार ईमानदारी का दंभ भरती थी, ना खाऊंगा.. ना खाने दूंगा, उसकी पोल खुल रही है और इसलिये ये सत्ता से बाहर होंगे।
एक सवाल के जवाब में डोटासरा ने कहा, ‘‘राजस्थान में कांग्रेस के टिकट वितरण के बाद में भाजपा में हडकंप मचा हुआ है और कांग्रेस यहां बहुत मजबूत स्थिति में है, हमने पांच साल अच्छी सरकार चलाई है अच्छी योजनाएं हम लेकर आये है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता से जो वादे किये थे उसपर पार्टी का कोई ध्यान नहीं है ।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने के केंद्र और राज्य सरकार के फैसले पर उन्होंने कहा यह लोगों के साथ धोखा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल डीजल की कीमतों में कटौती के बाद भी पड़ोसी राज्य हरियाण, उत्तरप्रदेश और गुजरात में पेट्रोल 10 रूपये सस्ता है।
उन्होंने कहा "यह कटौती समुद्र में एक बूंद के समान है। यह राजस्थान के लोगों के साथ धोखा है। भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में आने में सफल हो गई है, लेकिन लोगों को राहत देने में विफल रही है।"
राजस्थान सरकार ने बृहस्पतिवार को पेट्रोल एवं डीजल पर वैट में दो प्रतिशत की कटौती की घोषणा की थी।
भाषा कुंज राजकुमार