कार्तिक के अर्धशतक से सुपरकिंग्स ने सुपरजायंट्स को दिया 188
नमिता
- 15 May 2026, 10:11 PM
- Updated: 10:11 PM
लखनऊ, 15 मई (भाषा) लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की बल्लेबाजों के लिए मुश्किल लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की रणनीति के सामने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लड़खड़ाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने युवा कार्तिक शर्मा की 71 रन की संयमित पारी के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में पांच विकेट पर 187 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
चेन्नई की शुरुआत खराब रही और टीम 7.2 ओवर में 52 रन पर तीन विकेट गंवाकर दबाव में आ गई थी। इसके बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस (25) ने चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर पारी को संभाला। कार्तिक ने 42 गेंदों की पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। ब्रेविस ने 16 गेंदों की पारी में दो छक्के जड़े।
आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 16 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।
कार्तिक को बाउंसर गेंदों पर असहजता हुई, लेकिन युवा बल्लेबाज ने इस कमजोरी पर काबू पाने का जज्बा दिखाया। उन्होंने स्पिनर शाहबाज अहमद के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाते हुए लगातार गेंदों पर एक छक्का और दो चौके लगाकर रन गति तेज की।
धीमी गेंदबाजी के खिलाफ खुलकर खेलने वाले कार्तिक शुरुआत में लखनऊ के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखे। तेज गेंदबाजों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 84 रहा, जबकि शाहबाज अहमद के खिलाफ यह 140 तक पहुंच गया। हालांकि, जल्द ही उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी लय हासिल कर ली और प्रिंस यादव पर लगातार दो छक्के जड़ दिए।
दूसरे छोर पर ब्रेविस ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आकाश सिंह और शाहबाज अहमद पर एक-एक छक्का लगाकर दबाव कम किया। कार्तिक ने मोहम्मद शमी की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि, अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज शमी ने जल्द ही वापसी की। उनकी तेज बाउंसर पर ब्रेविस पुल शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और आकाश सिंह को कैच थमा बैठे। इसके कुछ देर बाद कार्तिक भी शाहबाज अहमद की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर एडेन मार्करम को आसान कैच देकर लौट गए।
इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने चेन्नई को शुरुआती झटके देकर मुश्किल में डाल दिया था। उन्होंने संजू सैमसन, रुतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल को आउट कर 26 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
आकाश के पास अपने साथी मयंक यादव जैसी 140 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार भले नहीं है, लेकिन उन्होंने लगातार चार ओवर फेंकते हुए सटीक लाइन और हार्ड लेंथ का शानदार इस्तेमाल किया। उनकी गेंदबाजी ने चेन्नई के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने का मौका नहीं दिया।
संजू सैमसन का विकेट इसका उदाहरण रहा। उन्होंने कमर से ऊपर उठती गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन हाथ खोलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिली और गेंद स्क्वायर लेग बाउंड्री के पास मुकुल चौधरी के हाथों में चली गई।
कार्तिक की परिपक्व पारी के बाद अंत में दुबे ने तेजतर्रार पारी खेलकर चेन्नई को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। प्रिंस यादव के आखिरी ओवर में 23 रन बने, जिसमें दुबे के दमदार शॉट्स का बड़ा योगदान रहा। दो गति वाली पिच पर यह स्कोर लखनऊ के बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। प्रशांत वीर 10 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
1505 2211 लखनऊ