अमित शाह की अध्यक्षता में 19 मई को बस्तर में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक
राजकुमार
- 15 May 2026, 09:57 PM
- Updated: 09:57 PM
रायपुर 15 मई (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 मई को छत्तीसगढ़ के बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ से 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद की समाप्ति की घोषणा के बाद शाह पहली बार यहां पहुंचेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों को लेकर आज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
मध्य क्षेत्रीय परिषद यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
आज की उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
साय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिया कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं गंभीरता और समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाए।
साय ने विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने का दावा करते हुए कहा कि उसके सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच स्वस्थ सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को गौरव का विषय बताते हुए कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है तथा अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इंद्रावती की गोद से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा और मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
भाषा संजीव राजकुमार
राजकुमार
1505 2157 रायपुर