तमिलनाडु : कांग्रेस ने सरकार गठन के लिए विजय को समर्थन देने की घोषणा की
मनीषा
- 06 May 2026, 01:16 PM
- Updated: 01:16 PM
चेन्नई, छह मई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को तमिलनाडु में नई सरकार गठन के लिए समर्थन देने की घोषणा की।
टीवीके के नेता विजय ने कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन का आग्रह किया था, जिसके बाद पार्टी आलाकमान ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी को राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का निर्देश दिया था।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विजय को समर्थन करने के फैसले पर मुहर लगाई गई।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। उसे सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस अब तक द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थी।
कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने एक विज्ञप्ति में कहा, "टीवीके के अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से औपचारिक रूप से समर्थन का अनुरोध किया है। तमिलनाडु की जनता, विशेषकर युवाओं ने संवैधानिक सिद्धांतों में विश्वास रखने वाली धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी सरकार के लिए स्पष्ट, सशक्त और भारी बहुमत से अपना मत व्यक्त किया है। उन्होंने विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु टीवीके को अगली सरकार बनाने के लिए चुना है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत में धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी राजनीति का समर्थन करती है और इसकी संस्थापक राजनीतिक पार्टी है।
चोडानकर ने कहा, "तमिलनाडु की जनता के इस जनादेश का सम्मान करना, इसे कायम रखना और इसे मंजिल तक पहुंचाने में सहायता करना हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। ऐसे में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने टीवीके को सरकार बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का समर्थन इस शर्त पर आधारित होगा कि टीवीके इस गठबंधन से उन सभी सांप्रदायिक ताकतों को दूर रखे जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं करती हैं।
उन्होंने कहा कि टीवीके और तमिलनाडु कांग्रेस के बीच यह गठबंधन आने वाले वर्षों और दशकों में पेरियार के सामाजिक न्याय के आदर्शों और डॉ. बी.आर. आंबेडकर के संवैधानिक आदर्शों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ पेरुंथलाइवर कामराज के तमिलनाडु के गौरवशाली दिनों को वापस लाने का प्रयास करेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा, "दोनों पार्टियों के बीच आपसी सम्मान, उचित हिस्सेदारी और साझा जिम्मेदारी पर आधारित यह गठबंधन न केवल इस सरकार के गठन के लिए है, बल्कि स्थानीय निकाय संगठनों, लोकसभा और राज्यसभा के भावी चुनावों के लिए भी है।"
भाषा हक यासिर मनीषा
मनीषा
0605 1316 चेन्नई