बंगाल में ‘‘अवैध संबंध’’ के आरोप में जोड़े से मारपीट का वीडियो सामने आया
शोभना रंजन
- 01 Jul 2024, 12:51 AM
- Updated: 12:51 AM
रायगंज (पश्चिम बंगाल), 30 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने अवैध संबंध के आरोप में एक जोड़े के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आने पर रविवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
वीडियो में जो व्यक्ति दोनों को डंडे से पीटते हुए दिख रहा है, वह कथित तौर पर उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का एक स्थानीय तृणमूल नेता है, जहां अवैध अदालत (कंगारू कोर्ट) के फैसले के बाद यह घटना हुई थी।
‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकता।
आरोपी ताजमुल उर्फ जेसीबी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस घटना के लिए ममता बनर्जी सरकार की आलोचना की है, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।
इसबीच इस्लामपुर पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा, ‘‘ इस्लामपुर पुलिस थाने के अंतर्गत चोपड़ा थाने में हुई घटना के बारे में कुछ लोग गलत सूचना फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि पुलिस ने तुरंत एक व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसने सार्वजनिक रूप से एक महिला पर हमला किया था।’’
बयान में कहा गया है कि पीड़ित जोड़े को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है, स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले दिन में इस्लामपुर के पुलिस अधीक्षक जॉबी थॉमस के. ने कहा था कि पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप देखी है और सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति महिला को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है और महिला दर्द से कराह रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोग तमाशा देख रहे हैं।
भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासन का कुरूप चेहरा है। वीडियो में जो व्यक्ति एक महिला को बेरहमी से पीट रहा है... वह अपनी ‘इंसाफ’ सभा के माध्यम से त्वरित न्याय देने के लिए प्रसिद्ध है और चोपड़ा से विधायक हमीदुर रहमान का करीबी सहयोगी है।’’
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के हर गांव में एक संदेशखालि है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘‘महिलाओं के लिए अभिशाप’’ हैं।
मालवीय ने पोस्ट में कहा, ‘‘बंगाल में कानून-व्यवस्था का नामोनिशान नहीं है। क्या ममता बनर्जी इस राक्षस के खिलाफ कार्रवाई करेंगी या उसका बचाव करेंगी, जैसे उन्होंने शेख शाहजहां के लिए किया था?’’
माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला।
सलीम ने बाद में एक पोस्ट में एक वीडियो साझा किया जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी के साथ इस्लामपुर पुलिस स्टेशन में घुसते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘‘हमेशा की तरह संतरी गार्ड सलामी देने ही वाला था!’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में आम लोगों और तृणमूल के राजनीतिक विरोधियों पर हमले जारी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ किसी महिला को इस तरह से कैसे पीटा जा सकता है? किसी भी महिला पर हमला बर्बर और निंदनीय है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हिंसा की ऐसी घटनाएं पश्चिम बंगाल का नाम खराब कर रही हैं।’’
वहीं तृणमूल के स्थानीय विधायक हमीदुर रहमान ने आरोपियों के साथ किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया और खुद को घटना से अलग किया।
उन्होंने कहा कि यह गांव का मामला है और पार्टी से इसका कोई संबंध नहीं है।
वहीं, तृणमूल के जिला अध्यक्ष कन्यालाल अग्रवाल ने इस घटना के लिए जोड़े के कथित अवैध संबंध को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह ‘‘गांव वालों को पसंद नहीं आया’’।
उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले की जांच करेगी।
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता शांतनु सेन ने घटना की निंदा की,साथ ही कहा कि वाम मोर्चा शासन के दौरान भी इस तरह की अवैध अदालतें आम थीं।
भाषा शोभना