खराब क्षेत्ररक्षण और एनगिडी का चोटिल होने हार का मुख्य कारण: वेणुगोपाल राव
नमिता
- 25 Apr 2026, 09:24 PM
- Updated: 09:24 PM
... अमित आनंद ...
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मैच में शनिवार को यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार का सामना करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने कहा कि खराब क्षेत्ररक्षण और मुख्य तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के चोटिल होने के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।
कैपिटल्स ने लोकेश राहुल की नाबाद 152 रन की पारी की मदद से दो विकेट पर 264 रन का अपना रिकॉर्ड स्कोर बनाया, लेकिन पंजाब किंग्स ने सात गेंद शेष रहते चार विकेट पर 265 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, "सिर्फ दो नहीं, हमने करीब छह कैच छोड़े। अहम मौकों पर कैच छोड़ेंगे तो ऐसे मैच जीतना मुश्किल है। प्रभसिमरन, प्रियांश आर्य और श्रेयस जैसे खिलाड़ियों के मौके हमें भुनाने चाहिए थे। अगर हम कैच छोड़ेंगे तो लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकते।"
उन्होंने लुंगी एनगिडी की चोट के बारे में पूछे जाने पर कहा, "फिलहाल हमें लगता है कि चोट गंभीर नहीं है। खिलाड़ी अभी अस्पताल में है। हम अपडेट देंगे, लेकिन स्थिति ज्यादा चिंताजनक नहीं है।"
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनगिडी को चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।
पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर प्रियांश आर्य के शॉट पर मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे की ओर भागे, लेकिन गेंद का सही अनुमान नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े। इस दौरान उनका कंधा और सिर जोर से जमीन से टकराया।
वेणुगोपाल ने कहा, "खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे पहले है। हम यह खेल खेलते हैं, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि है। एनगिडी अगर गेंदबाजी करते तो उनकी 24 गेंद यानी चार ओवर टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा करते। उन्होंने लगभग सभी मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है। हमें उम्मीद है कि एनगिडी जल्द ठीक होकर वापसी करेंगे।"
भारत के इस पूर्व बल्लेबाज ने हालांकि राहुल की तारीफ करते हुए कहा, "इतना बड़ा स्कोर खड़ा करने का श्रेय केएल राहुल को जाता है। उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी संभाली, वह शानदार था। पिच कैसी खेल रही है, यह समझना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने लगातार अच्छे शॉट खेले। आखिरी ओवर तक उनका खेल काबिल-ए-तारीफ रहा।"
उन्होंने कहा, "हमारे बल्लेबाजों ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला, इसके लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए। किसी को उम्मीद नहीं थी कि पिच इतनी अच्छी होगी। पंजाब ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और मैच को हाथ से नहीं जाने दिया। पहले छह ओवर में उनकी बल्लेबाजी ने मैच बदल दिया।"
वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया था।
उन्होंने कहा, "हमने पंजाब को हल्के में नहीं लिया था। वे अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर थे। इस फॉर्मेट में टीमें आक्रामक खेलती हैं। पावरप्ले बेहद अहम होता है। जब उन्होंने छह ओवर में 110 से ज्यादा रन बना लिए, वहीं से मैच का रुख बदल गया।"
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता
2504 2124 दिल्ली