अमरनाथ यात्रा: कश्मीर पुलिस प्रमुख ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
अमित पवनेश
- 25 Jun 2024, 05:39 PM
- Updated: 05:39 PM
श्रीनगर, 25 जून (भाषा) कश्मीर पुलिस प्रमुख वी के बिरदी ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा प्रदान करने और संभावित खतरों से समय रहते निपटना सुनिश्चित करने का सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है।
बिरदी ने इस सप्ताह के अंत में शुरू होने वाली तीर्थयात्रा के सुचारू संचालन के लिए राजमार्गों पर सतर्कता के साथ गश्त और निगरानी पर जोर दिया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बिरदी ने सोमवार को यहां एक बैठक के दौरान 29 जून से शुरू हो रही यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रबंधों का जायजा लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि बैठक के दौरान अधिकारियों ने बिरदी को सुरक्षा योजना के बारे में जानकारी दी, जिसमें उनके संबंधित जिलों की विशिष्ट आवश्यकताएं और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंध शामिल थे।
बिरदी ने सुरक्षा प्रयासों के समन्वय और परिचालन, प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से उत्पन्न होने वाली आपात स्थितियों के प्रबंधन में एकीकृत दृष्टिकोण सुनिश्चित करने के लिए तैयार किए गए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की बारीकी से समीक्षा की।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर देते हुए, बिरदी ने सड़क को खतरा मुक्त सुनिश्चित करने वाले दलों की तैनाती और परिचालन तत्परता की समीक्षा की और राजमार्गों पर सतर्कता के साथ गश्त और निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया।
आईजीपी ने अधिकारियों को रात के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रात्रि गश्त सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कश्मीर पुलिस प्रमुख ने निर्देश दिया कि एसओपी के आधार पर ‘मॉक ड्रिल’ की जाएं और जमीन पर उनकी प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने और सुधार के लिए क्षेत्रों की पहचान की जाए।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके अलावा, डीआईजी दक्षिण कश्मीर रेंज और डीआईजी उत्तर कश्मीर रेंज को व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित खतरों से समय पर निपटना सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में निरोधक अभियान योजनाओं का आकलन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मध्य कश्मीर रेंज, डीआईजी उत्तर कश्मीर रेंज, डीआईजी दक्षिण कश्मीर रेंज, कश्मीर जोन के सभी जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसएसपी यातायात शहर, एसएसपी यातायात ग्रामीण, एसएसपी सुरक्षा और अन्य शामिल हुए।
भाषा अमित