कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को कभी धर्म के अधार पर आरक्षण नहीं दिया: जयराम रमेश
अनवर खारी
- 19 May 2024, 07:28 PM
- Updated: 07:28 PM
पटना, 19 मई (भाषा) कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि कर्नाटक सहित वे राज्य जहां उनकी पार्टी की सरकार रही है, वहां कभी भी अल्पसंख्यकों को आरक्षण धर्म के अधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन के आधार पर दिया गया।
पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने यह बात कही ।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उस संविधान का पालन करते हैं जो धर्म के आधार पर आरक्षण और नागरिकता देने की अनुमति नहीं देता है। यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है जिसने नागरिका (संशोधन) अधिनियम जो धार्मिक आधार पर नागरिकता देने के अलावा और कुछ नहीं है, के जरिए संविधान का उल्लंघन किया है। इसे अदालत में चुनौती दी गई है।’’
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव ने रमेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा नेताओं के आरोपों उन आरोपों का जवाब दे रहे थे जिसमें भाजपा ने कहा था कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग और दलितों के लिए निर्धारित आरक्षण छीनकर अपने ‘वोट बैंक’ मुसलमानों को देने जा रही है।
रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ‘‘एक के बाद एक झूठे बयान दे रहे हैं’’ और दावा किया, ‘‘वह इस एहसास से हताशा हैं कि वह एक निवर्तमान (निवर्तमान) प्रधानमंत्री हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन ‘इंडिया’ लोकसभा चुनाव में ‘‘निर्णायक जनादेश’’ हासिल करने की राह पर है, बिल्कुल उसी तरह जिस तरह 2004 में हमने राज्य विधानसभा चुनावों में हार के बाद वापसी की थी। यह कहा जा रहा था कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा को हराया नहीं जा सकता।’’
रमेश ने मोदी को चुनौती दी कि वे ‘‘जाति जनगणना, किसानों की कर्ज माफी, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और चीन की सेना के भारतीय सीमा में दाखिल होने’’ के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ें।
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध रही है और तमिलनाडु में वंचित वर्गों को दिए गए 69 प्रतिशत आरक्षण का उदाहरण दिया, जिसे पी.वी. नरसिम्हा के समय संविधान की नौवीं अनुसूची में जोड़कर कानूनी रूप से सुरक्षित किया गया था।’’
रमेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस संवैधानिक संशोधन के माध्यम से आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा को खत्म करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। हम चाहेंगे कि प्रधानमंत्री यह खुलासा करें कि वह इस तरह के कदम के पक्ष में हैं या नहीं।’’’
कांग्रेस नेता ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और उन पर सीमावर्ती क्षेत्रों में कथित घुसपैठ के मुद्दे पर चीन को ‘‘क्लीन चिट’’ देने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया, ‘‘पहले दो चरणों के चुनाव के बाद ही यह स्पष्ट हो गया है कि दक्षिण भारत में भाजपा साफ और उत्तर, पश्चिम तथा पूर्व में भाजपा ‘हाफ’ हो गई। तीसरे और चौथे चरण के बाद हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि हम कह सकते हैं कि चार जून को गठबंधन ‘इंडिया’ को स्पष्ट और निर्णायक जनादेश जरूर मिलेगा।’’
भाषा अनवर