कांग्रेस ने 70 साल तक अनुच्छेद-370 को बरकरार रखा: अमित शाह
आनन्द खारी
- 19 May 2024, 07:37 PM
- Updated: 07:37 PM
जौनपुर (उप्र), 19 मई (भाषा) कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने संविधान के अनुच्छेद-370 को ‘‘बरकरार रखा’’ जिसके कारण देश में आतंकवाद बढ़ा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी भी देश का दूसरा विभाजन नहीं होने देगी।
अमित शाह ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर तीखा प्रहार करते हुए कर्नाटक और तेलंगाना के संदर्भ के साथ दावा किया कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दो तो हम मुस्लिम आरक्षण समाप्त कर अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण बहाल कर देंगे।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने 70 वर्षों तक अनुच्छेद-370 को बरकरार रखा, जिसके कारण पूरे देश में आतंकवाद बढ़ गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने मोदीजी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने पांच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटा दिया। जिस कश्मीर में तिरंगा फहराने के लिए सेना को साथ ले जाना पड़ता था, उसी लाल चौक (श्रीनगर) पर अब भगवान कृष्ण की शोभा यात्रा निकाली जाती है।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘राहुल बाबा’’ कहते थे कि अगर कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटेगी तो वहां खून की नदियां बह जाएंगी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में खून की नदियां तो छोड़िए किसी में कंकड़ तक मारने का साहस नहीं है।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की सरकार में आए दिन देश में आतंकवादी हमले होते थे और कांग्रेस कोई कार्रवाई नहीं करती थी, लेकिन मोदी ने पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर 10 दिन के अंदर उरी और पुलवामा का जवाब दिया तथा आतंकवादियों का सफाया किया है।’’
यह रैली जौनपुर के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार बी.पी. सरोज के लिए समर्थन जुटाने के खातिर आयोजित की गई थी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता कहते हैं कि देश को दो हिस्सों- दक्षिण भारत और उत्तर भारत, में विभाजित कर देना चाहिए। शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस को एक बार देश का बंटवारा करके संतुष्टि नहीं मिली, वह देश को फिर से बांटना चाहती है। भाजपा कभी भी देश का फिर से बंटवारा नहीं होने देगी।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस पर यह झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार सत्ता में आए तो आरक्षण खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदीजी के पास पिछले 10 साल से सत्ता है और उन्होंने इसका इस्तेमाल आरक्षण खत्म करने के लिए नहीं किया। जब तक भाजपा का एक भी सांसद है, कोई आरक्षण को छू नहीं सकता।’’
शाह ने इसे स्पष्ट करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस का कहना है कि अगर मोदी जी को 400 सीट मिलेगी तो वे आरक्षण को समाप्त कर देंगे। इस देश की जनता ने पिछले 10 वर्षों में पूर्ण बहुमत दिया है, भाजपा ने कभी आरक्षण को खत्म नहीं किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने कर्नाटक और तेलंगाना में एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण को समाप्त कर वर्ग विशेष को पांच आरक्षण देने का काम किया है। प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी जी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ग विशेष के आरक्षण को समाप्त कर के पूर्व व्यवस्था को बहाल करने का काम किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अखिलेश यादव (सपा प्रमुख) और राहुल गांधी (कांग्रेस नेता) से पूछना चाहता हूं कि आपकी सरकार 10 साल तक सत्ता में रही, इस दौरान उत्तर प्रदेश को क्या मिला? उन्होंने 10 साल में उत्तर प्रदेश को 4.9 लाख करोड़ रुपये दिए, जबकि नरेन्द्र मोदी ने 19.11 लाख करोड़ रुपये दिए।’’
शाह ने भीड़ से सवाल किया, ‘‘सबको कोरोना का टीका लगा है या नहीं, चार आना भी देना पड़ा, मोदी जी ने कॉफी पिलाकर टीका लगाया न।’’ सकारात्मक जवाब आने पर उन्होंने कहा, ‘‘उस वक्त राहुल बाबा, अखिलेश कहते थे कि यह तो मोदी टीका है। राहुल बाबा ने देखा कि पूरा देश टीका लगवा रहा है तो एक दिन बहन प्रियंका को लेकर वह भी टीका लगवा आये। शर्म करो राहुल बाबा, कोरोना जैसी महामारी में भी राजनीति करते हो।’’
शाह ने विकास का श्रेय भाजपा को दिया, वहीं वर्षों तक उत्तर प्रदेश की उपेक्षा करने के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस पर आरोप भी लगाया।
मछलीशहर लोकसभा सीट पर मतदान 25 मई को होगा।
इस सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में हैं और मुख्य मुकाबला भाजपा के बी.पी. सरोज और सपा की प्रिया सरोज के बीच है।
भाषा आनन्द