ओलंपिक चयन ट्रायल में सबसे सफल निशानेबाज रहीं मनु भाकर
नमिता आनन्द
- 19 May 2024, 09:02 PM
- Updated: 09:02 PM
भोपाल, 19 मई (भाषा) ओलंपियन निशानेबाज मनु भाकर राइफल और पिस्टल ओलंपिक चयन ट्रायल (ओएसटी) में सबसे सफल निशानेबाज रहीं, उन्होंने रविवार को यहां अंतिम दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल ओएसटी टी4 मैच में जीत हासिल की।
मनु की दो स्पर्धाओं के ट्रायल में यह चौथी जीत रही। उन्होंने महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल के ट्रायल भी जीते।
मनु ने ओएसटी टी4 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 240.8 का स्कोर बनाया। उन्होंने हांग्झोउ एशियाड की चैम्पियन पलक को 4.4 अंक से पछाड़ा। रिदम सांगवान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले इलावेनिल वलारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल ओएसटी टी4 में 254.3 के स्कोर से जीत दर्ज की। यह स्कोर चीन की हान जियायू के इस महीने बाकू में आईएसएसएफ विश्व कप में बनाये गये 254.0 के मौजूदा विश्व रिकॉर्ड से 0.3 अंक अधिक रहा।
रमिता (253.3) और मेहुली घोष (230.3) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
दिव्यांश पंवार ने पुरुषों की एयर राइफल ओएसटी टी4 में 253.3 के स्कोर से जीत दर्ज की। यह स्कोर उनके मौजूदा विश्व रिकॉर्ड से 0.4 कम रहा। अर्जुन बबूता (250.0) और रुद्रांक्ष पाटिल (229.5) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल ओएसटी टी4 फाइनल में रविंदर सिंह 242.2 के स्कोर से विजेता रहे। वरुण तोमर (239.4) दूसरे और सरबजोत सिंह (218.9) तीसरे स्थान पर रहे।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने पेरिस ओलंपिक के लिए टीम चुनने के लिए दिल्ली और भोपाल में पिस्टल और राइफल में चार ट्रायल्स की सीरीज आयोजित की।
ट्रायल्स में शीर्ष तीन स्कोर के साथ पेरिस ओलंपिक कोटा बोनस अंक भारतीय टीम के चयन में अहम होंगे।
लगभग एक महीने तक चले ट्रायल्स के समापन पर पिस्टल और राइफल वर्ग में शीर्ष दो निशानेबाज मिल चुके हैं।
अगर एनआरएआई ट्रायल के नतीजों पर सख्ती से अमल करता है तो सरबजोत सिंह और अर्जुन सिंह चीमा को पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहिए क्योंकि उन्होंने ट्रायल के अंत में पांच निशानेबाजों के बीच शीर्ष दो स्थान हासिल किये।
पर ऐसे में ओलंपिक कोटा विजेता वरुण तोमर नहीं जा सकेंगे।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर और रिदम सांगवान ट्रायल में शीर्ष पर हैं जबकि पेरिस कोटा हासिल करने वाली दोनों निशानेबाज ईशा सिंह और पलक क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
सेना के जवान संदीप सिंह ने ट्रायल में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि अर्जुन बबूता को दूसरे स्थान पर धकेल दिया।
विश्व चैम्पियन रुद्रांक्ष पाटिल देश के लिए ओलंपिक कोटा जीतने वाले पहले निशानेबाजों में शामिल थे। लेकिन वह तीसरे स्थान पर हैं।
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में दोनों ओलंपिक कोटा विजेता तिलोत्तमा सेन और मेहुली घोष शीर्ष दो में शामिल नहीं हो पायीं।
इलावेनिल वलारिवान और रमिता ने शीर्ष दो स्थान हासिल किये।
ओलंपिक कोटा विजेता श्रीयंका सदांगी महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में पांचवें स्थान पर रहीं, वह पेरिस में जगह बनाने से चूक सकती हैं।
सिफत कौर सामरा (कोटा विजेता) और अंजुम मौदगिल शीर्ष दो स्थानों पर हैं और देश का प्रतिनिधित्व करने का दावा पेश कर रही हैं।
हालांकि एनआरएआई चयन समिति की बैठक के बाद पेरिस के लिए टीम पर फैसला करेगी जिसके जल्द ही होने की संभावना है।
भारतीय निशानेबाज अब म्यूनिख में आईएसएसएफ विश्व कप राइफल और पिस्टल (31 मई से आठ जून) में हिस्सा लेंगे।
भाषा नमिता आनन्द