चुनिंदा शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 253 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत
प्रेम रमण
- 17 May 2024, 06:22 PM
- Updated: 06:22 PM
(चार्ट के साथ)
मुंबई, 17 मई (भाषा) मिलजुले वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय स्तर पर महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटीसी जैसी दिग्गज कंपनियों में खरीदारी आने से शुक्रवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 253 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में 62 अंक की तेजी रही।
कारोबारियों ने कहा कि अंतिम दौर की खरीदारी आने से बाजार शुरुआती निचले स्तर से उबरने में सफल रहा। लेकिन विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने से तेजी पर थोड़ा विराम लग गया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 253.31 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 73,917.03 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 62.25 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 22,466.10 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) में सर्वाधिक 5.97 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके बाद जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्रा सीमेंट, कोटक बैंक, आईटीसी और एनटीपीसी का स्थान रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज भी 0.73 प्रतिशत बढ़ गया।
इसके उलट टीसीएस, एचसीएल टेक, एचयूएल, नेस्ले इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, विप्रो और इन्फोसिस के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "मिलेजुले वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व को लेकर अनिश्चितता होने के बावजूद भारतीय बाजार वापसी करने में सफल रहे। यह मुख्य रूप से व्यापक बाजार के बेहतर प्रदर्शन और सकारात्मक तिमाही नतीजों से प्रेरित था।"
बीएसई मिडकैप सूचकांक ने 1.18 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जबकि स्मालकैप सूचकांक ने 1.39 प्रतिशत की बढ़त हासिल की।
क्षेत्रवार सूचकांकों में टिकाऊ उपभोक्ता खंड में सर्वाधिक 2.41 प्रतिशत और वाहन खंड में 1.80 प्रतिशत की तेजी रही जबकि सूचना प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी खंडों में गिरावट रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, "कारोबारियों को 2024 में अब सिर्फ एक दर कटौती की ही उम्मीद है। इसकी वजह से चीन के बाजारों को छोड़कर वैश्विक बाजार कमोबेश गिरावट पर रहे। "
एशिया के बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट में रहे।
यूरोप के बाजारों में गिरावट के साथ कारोबार चल रहा था। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत बढ़कर 83.48 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 776.49 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिक्री की।
बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार 676.69 अंक चढ़कर 73,663.72 और एनएसई निफ्टी 203.30 अंक बढ़कर 22,403.85 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम