ओडिशा: मुख्यमंत्री ने रायगड़ा जिले में 600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की
संतोष
- 02 Feb 2026, 08:33 PM
- Updated: 08:33 PM
भुवनेश्वर, दो फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को रायगड़ा में 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिले में स्थापित किए जा रहे उद्योगों में 80 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित होंगी।
माझी ने जिला मुख्यालय शहर रायगड़ा में 'सुभद्रा शक्ति मेला' में भाग लेने के दौरान परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
माझी ने 238 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं की शुरुआत की और 366 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 87 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य सेवा, स्कूल और महिला सशक्तिकरण पहल जैसी बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने मां मजीघरियानी मंदिर के जिर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की आधारशिला रखी जिसपर 37 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिले के विधायकों और स्थानीय नेताओं की मांग के अनुसार, जिले के सभी ब्लॉकों में इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू होगा।
उन्होंने कहा, "शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और रायगड़ा में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगड़ा महिला सशक्तिकरण का एक उदाहरण बन गया है और जिले में 12,783 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से 1.52 लाख महिलाएं संगठित हैं और अपने लिए एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रही हैं।
मुख्य रूप से महिलाओं की सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के 4,217 स्वयं सहायता समूहों को लगभग 200 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "जिले में 9,335 स्वयं सहायता समूहों को 14 करोड़ रुपये की पुनर्चक्रित निधि (बार-बार इस्तेमाल की जा सकने वाली राशि), 164 ग्राम पंचायत स्तर के संघों (जीपीएलएफ) को 53.14 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) और आजीविका कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए 4,195 स्वयं सहायता समूहों को 37.55 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया गया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं और बच्चों के लिए पांच लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा, "जमीनी स्तर पर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को और मजबूत करने के लिए स्वयं सहायता उद्यम बाजार स्थापित करने की घोषणा की गई है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "ओडिशा की एक चौथाई आबादी आदिवासी है, इसलिए इस वर्ष के राज्य बजट में आदिवासी भाइयों और बहनों को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए 68,881 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह धनराशि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, सुरक्षा और वन अधिकारों पर खर्च की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि हिंडाल्को रायगड़ा में 15,000 करोड़ रुपये के निवेश से अपने संयंत्र का विस्तार करने जा रही है और वेदांता एल्युमिना रिफाइनरी (25,000 करोड़ रुपये) और उत्कल एल्युमिना इंटरनेशनल (7,653 करोड़ रुपये) जैसी परियोजनाएं भी जिले में स्थापित होने वाली हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी उद्योगों में 80 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित की जाएं।
भाषा तान्या संतोष
संतोष
0202 2033 भुवनेश्वर