तमिलनाडु के अलंगनल्लूर में जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में सांडों ने मारी बाजी
गोला राजकुमार
- 17 Jan 2026, 03:06 PM
- Updated: 03:06 PM
(तस्वीरों के साथ)
मदुरै (तमिलनाडु), 17 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के अलंगनल्लूर में परंपरागत जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में शनिवार को उग्र सांडों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करके उन्हें काबू में करने के लिए मैदान में उतरे लोगों को स्तब्ध कर दिया।
इस प्रतियोगिता को देखने आए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में सबसे अधिक बैलों को काबू करने वाले व्यक्ति को पशुपालन विभाग में सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। उनकी घोषणा इस बात का संकेत है कि यह प्रयास जल्लीकट्टू को संरक्षण देने में काफी मददगार साबित हो सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अलंगनल्लूर में दो करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक जल्लीकट्टू प्रशिक्षण और उपचार केंद्र स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मदुरै की धरती वीरता के लिए जानी जाती है। विश्व प्रसिद्ध जल्लीकट्टू को देखकर हम भी वीर बन जाते हैं। यहां के बलवान बैल तमिलनाडु का गौरव हैं।’’
स्टालिन ने ताकत का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और उन बैल मालिकों को सोने की अंगूठियां दीं, जिनके जानवरों ने अपनी उग्रता से प्रतिभागियों को चुनौती दी।
प्रतियोगिता के दौरान कम से कम 14 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले, यहां हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए जमा हुई भीड़ में एक बैल बेकाबू होकर भागने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, उसके मालिकों ने उसे रस्सी से बांधकर वहां से हटा दिया।
प्रतियोगिता में जैसे ही सांडों ने अपना सिर हिलाया और मजबूती से खड़े रहे तो ज्यादातर युवा उन्हें काबू में करने के लिए उनके चारों ओर चक्कर लगाने लगे लेकिन वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हुए, जिसके परिणामस्वरूप अंतत: सांडों को विजेता घोषित कर दिया गया।
अन्नाद्रमुक के पूर्व राज्य मंत्री सी विजयभास्कर का सांड और अभिनेता सूरी का सांड उन सांडों में शामिल थे जिन्हें रोकना असंभव था। इन दोनों सांडों ने अपने-अपने मालिकों के लिए एक-एक सोने का सिक्का अर्जित किया।
अलंगनल्लूर में पोंगल 2026 से जुड़े अंतिम आयोजन में सांडों को थामने वाले 465 लोग भाग ले रहे हैं, जहां लगभग 825 सांडों को ‘वादी वासल’ (प्रवेश द्वार) से अखाड़े में छोड़ा जाएगा।
राज्य के वाणिज्यिक कर और पंजीकरण मंत्री पी. मूर्ति ने मदुरै के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
भाषा
गोला