केंद्र में भाजपा के सत्ता में बने रहने पर मंडी में रुकी सभी परियोजनाएं पूरी की जाएंगी : कंगना रनौत
राजकुमार अविनाश
- 14 May 2024, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
(तस्वीरों के साथ)
शिमला, 14 मई (भाषा) मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को लोगों को आश्वासन दिया कि यदि केंद्र में (उनकी) पार्टी सत्ता में बनी रहती है तो शिवधाम समेत उनके निर्वाचन क्षेत्र की सभी रुकी परियोजनाएं बहाल कर दी जाएंगी तथा मंडी तक रेल लाइन के विस्तार की कोशिश की जाएगी।
रनौत ने मंडी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी उन्हें इस निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने का मौका मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि समूचा हिमाचल उनका परिवार है तथा ‘ग्लैमरस’ जीवन के बाद भी उनकी जड़ें राज्य में हैं एवं हिमाचल प्रदेश के लिए वह हरसंभव कदम उठायेंगी। उन्होंने लोगों से लोकसभा चुनाव में अपनी जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।
रनौत ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर 250 करोड़ रुपये की शिवधाम परियोजना को रोकने, मंडी हवाई अड्डा परियोजना में देरी करने, मंडी विश्वविद्यालय को बंद कराने की कोशिश करने तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व एवं अन्य विषयों से जुड़े करीब 1000 केंद्रों को बंद कराने का आरोप लगाया।
उन्होंने लोगों से वादा किया कि केंद्र में सत्ता में भाजपा के बने रहने पर इन सभी परियोजनाओं को बहाल किया जाएगा।
रनौत ने वादा भले ही किया लेकिन इन परियोजनाओं में कई केंद्र के अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा बिलासपुर तक रेललाइन ला रहे हैं और मैं उसका मंडी तक विस्तार कराने का प्रयास करूंगी।’’
रनौत ने कहा, ‘‘आज मेरे लिए बड़ा सौभाग्यशाली दिन है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीसरी बार काशी (वाराणसी) से अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं और मैं छोटी काशी से नामांकन दाखिल कर रही हूं।’’
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में फिर निर्वाचित होंगे।
मंडी में 300 से अधिक मंदिर हैं तथा करीब आठ मंदिर भगवान शिव के हैं। इसलिए मंडी को छोटी काशी भी कहा जाता है।
रनौत ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि ‘मोदी गारंटी’ ‘एकमात्र ऐसी गारंटी है जो काम कर रही है।’
उन्होंने कहा, ‘‘लोग कह रहे हैं कि कलयुग के इस कालखंड में जिसकी गारंटी दी जा सकती है वह सिर्फ मोदी गारंटी है और तीसरी बार मोदी लहर है...।’’
रनौत ने कहा, ‘‘मैं आशा करती हूं कि यह मेरे लिए पहली और आखिरी बार नहीं हो बल्कि मुझे भविष्य में भी छोटी काशी (मंडी) से अपना नामांकन दाखिल करने के और मौके मिलेंगे।’’
उनके नामांकन के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद थे।
जब रनौत निर्वाचन कार्यालय गयीं तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर वाली तख्तियां ले रखी थीं और वे रनौत के पक्ष में नारे लगा रहे थे।
रनौत ने कहा, ‘‘ मंडी की बेटी को यहां से चुनाव मैदान में उतारने तथा राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की आभारी हूं।’’
रनौत की मां आशा रनौत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारा आशीर्वाद हमारी बेटी के साथ है तथा ईश्वर भी हमारी प्रार्थना सुन रहे हैं। कंगना जहां कहीं जाती है उसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और वह बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कंगना पर जो अपमानजनक एवं तीखी टिप्पणियां की हैं, वे महिलाओं को रास नहीं आ रही हैं तथा महिला शक्ति उन्हें एक जून को करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा, ‘‘बतौर मां, मैं दुखी हूं और महसूस करती हूं कि अन्य माताएं भी ऐसी टिप्पणियों से बुरा महसूस कर रही हैं। ये टिप्पणियां कांग्रेस नेताओं की ओछी मानसिकता को दर्शाती हैं।’’
अभिनेत्री की मां ने कहा, ‘‘कंगना को हिमाचल, खासकर मंडी के लोगों से भरपूर प्यार मिल रहा है और कुछ लोगों ने उसके लिए गाने भी तैयार किये हैं। मैं लोगों से अपनी बेटी की जीत सुनिश्चित करने की अपील करती हूं।’’
भाषा राजकुमार