एएआईबी टीम ने राउरकेला के पास एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना की जांच शुरू की
राखी सिम्मी
- 11 Jan 2026, 11:13 PM
- Updated: 11:13 PM
भुवनेश्वर, 11 जनवरी (भाषा) विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की टीम ने राउरकेला के पास एक छोटे विमान के उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त होने की रविवार को जांच शुरू कर दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ओडिशा के राउरकेला के पास ‘इंडिया वन एयर’ के नौ सीट वाले विमान के शनिवार दोपहर को आपात स्थिति में उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पायलट समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए।
राज्य के विमानन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि एएआईबी और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टीमों ने जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लेने के लिए दुर्घटनास्थल का दौरा किया।
बयान में कहा गया है, "राज्य सरकार सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए डीजीसीए, एएआईबी और संबंधित विमानन कंपनी के साथ मिलकर काम कर रही है।"
सुंदरगढ़ के जिलाधिकारी शुभंकर महापात्रा ने कहा कि एएआईबी टीम जांच पूरी होने के बाद अपनी रिपोर्ट देगी।
उन्होंने कहा, "जांच पूरी होने के बाद एएआईबी की टीम अपनी रिपोर्ट संबंधित प्राधिकरण को सौंपेगी।"
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं और उन्होंने सभी संबंधित विभागों को यात्रियों, पायलटों और जांच अधिकारियों को संपूर्ण चिकित्सा और प्रशासनिक सहायता देने का निर्देश दिया है।
ओडिशा सरकार के वाणिज्य और परिवहन विभाग की प्रधान सचिव उषा पाधी ने बताया कि एएआईबी की टीम राउरकेला में विमान दुर्घटना स्थल का हवाई सर्वेक्षण कर चुकी है।
पाधी ने कहा, "उन्होंने राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए हेलीकॉप्टर का उपयोग करके विमान दुर्घटनास्थल की हवाई तस्वीरें ली हैं। बाद में, वे उस स्थान का निरीक्षण भी करेंगे जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।"
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुचारू जांच के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली हैं और छानबीन डीजीसीए के दिशानिर्देशों और मानक परिचालन प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है।
ओडिशा के राउरकेला के पास ‘इंडिया वन एयर’ का ‘सेसना ग्रैंड सी208बी’ विमान नीचे उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें छह लोग सवार थे जिनमें दो पायलट और चार यात्री शामिल थे।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के मुताबिक, विमान ने दोपहर में भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी और चालक दल ने राउरकेला एटीसी को 'मेडे' की सूचना दी, जिसके बाद दोपहर 1:20 बजे कंसोर के पास एक खुले क्षेत्र में आपात स्थिति में इसे उतारा गया।
इस बीच, ओडिशा के विमानन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि राउरकेला में विमान के उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में घायल दो महिलाओं और दो पायलटों सहित सभी छह लोगों का स्वास्थ्य स्थिर है।
भाषा राखी