प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया
जफर मनीषा नरेश मनीषा
- 14 May 2024, 01:08 PM
- Updated: 01:08 PM
(तस्वीर सहित)
वाराणसी, 14 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिस पर उन्होंने 2014 में पहली बार और 2019 में दूसरी बार जीत हासिल की थी।
सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली सदरी पहने मोदी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए वाराणसी जिलाधिकारी के कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके साथ थे।
नामांकन दाखिल करते समय प्रधानमंत्री मोदी के साथ, अयोध्या के राम मंदिर में भगवान राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले पंडित गणेश्वर शास्त्री और पटेल संघ के पुराने कार्यकर्ता और पिछड़ा वर्ग के बैजनाथ पटेल मौजूद थे ।
भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया सह प्रभारी अरविंद मिश्रा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने नामांकन पत्र जिलाधिकारी सौंपने के बाद खड़े होकर शपथ पत्र पढ़ा ।
मिश्रा ने बताया कि मोदी के नामांकन के समय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनरॉड संगमा, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, हरदीप पुरी, चंद्रबाबू नायडू, पवन कल्याण, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, ओमप्रकाश राजभर, जयंत चौधरी, अंबुमणि रामदास, जी के वासन, देवनाथन यादव, तुषार वेलल्लापल्ली और अतुल बोरा भी मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि नामांकन कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आना था लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह नहीं आ सके।
मोदी ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले उनका स्वागत करने के लिए एकत्र भीड़ की ओर हाथ हिला कर अभिवादन किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा ‘‘काशी के साथ मेरा रिश्ता अनूठा, अभिन्न और अतुलनीय है... मैं कह सकता हूं कि इसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करने से पहले यहां गंगा नदी के किनारे दशाश्वमेध घाट पर पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा घाट पर आरती भी की।
मोदी ने 'एक्स' पर काशी का एक खूबसूरत वीडियो भी साझा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो के साथ ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ''नमामि गंगे तव पाद पंकजम्''।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
इससे पहले मोदी ने सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। वह शाम को करीब छह किलोमीटर का रोड शो करने के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।
वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत एक जून को मतदान होगा।
भाषा जफर मनीषा नरेश