अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला किया, कहा- मादुरो को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया
एपी अमित रंजन
- 03 Jan 2026, 07:14 PM
- Updated: 07:14 PM
काराकस (वेनेजुएला), तीन जनवरी (एपी) अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर ‘‘बड़े पैमाने पर हमला’’ किया। अमेरिका ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है।
अमेरिका ने इसे एक असाधारण रात्रिकालीन अभियान बताया जिसकी घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर की।
विस्फोट की कई आवाजें सुनाई दीं और कम ऊंचाई पर उड़ान भरते विमान राजधानी काराकस के ऊपर से गुजरे, जबकि मादुरो की सरकार ने तुरंत ही अमेरिका पर नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया। वेनेजुएला की सरकार ने इसे ‘‘साम्राज्यवादी हमला’’ करार दिया और नागरिकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया।
तत्काल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि देश में शासन किसके हाथ में है, और यह भी जानकारी नहीं है कि मादुरो अभी कहा हैं।
ट्रंप ने सुबह 4:30 बजे (ईस्टर्न टाइम) के थोड़े देर बाद ट्रुथ सोशल पर इस घटनाक्रम की घोषणा की। वेनेज़ुएला के कानून के अनुसार, उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज सत्ता संभालेंगी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई कि ऐसा हुआ है, हालांकि उन्होंने हमले के बाद एक बयान जारी किया।
रॉड्रिग्ज ने कहा कि मादुरो, उनकी पत्नी के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके जीवित होने का सबूत चाहते हैं’’।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मदुरो और उनकी पत्नी को पकड़ कर देश से बाहर ले जाया गया है। यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से चलाया गया। विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।’’
उन्होंने बाद में शनिवार सुबह एक संवाददाता सम्मेलन करना निर्धारित किया।
अमेरिका के कानून के तहत इस हमले के कानूनी निहितार्थ तुरंत स्पष्ट नहीं हैं। सीनेट सदस्य माइक ली ने ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत की, जिन्होंने उन्हें हमले के बारे में जानकारी दी। रूबियो ने ली को बताया कि मादुरो को “अमेरिका में आपराधिक आरोपों के तहत मुकदमे का सामना करने के लिए अमेरिकी कर्मियों द्वारा गिरफ्तार किया गया है।”
व्हाइट हाउस ने तुरंत यह नहीं बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी को कहां ले जाया जा रहा है। मादुरो को मार्च 2020 में दक्षिणी न्यूयॉर्क जिले में “नार्को-आतंकवाद” साजिश के आरोपों में अभ्यारोपित किया गया था।
मादुरो आखिरी बार शुक्रवार को सरकारी टेलीविजन पर दिखाई दिए थे, जब वे काराकस में चीनी अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मिल रहे थे।
वेनेजुएला की राजधानी काराकस में 2026 के तीसरे दिन सुबह कम से कम सात धमाके हुए। उसके बाद लोग सड़कों पर निकल आए, जबकि अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर विस्फोटों को सुनने और देखने की जानकारी साझा की। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि इसमें कोई हताहत हुआ या नहीं। हमला 30 मिनट से भी कम समय में समाप्त हो गया और यह भी स्पष्ट नहीं कि आगे और कार्रवाई होगी या नहीं, हालांकि ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि यह हमले ‘‘सफलतापूर्वक’’ किए गए।
इस बीच, संघीय विमानन प्राधिकरण (एफएए) ने काराकस में विस्फोटों से पहले ‘‘जारी सैन्य गतिविधि’’ के चलते वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी वाणिज्यिक उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन ने मादुरो पर कई महीनों से दबाव बढ़ाया था।
अमेरिका खुफिया एजेंसी सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) पिछले सप्ताह वेनेजुएला में एक ड्रोन हमले के पीछे थी, जो उस डॉकिंग क्षेत्र पर किया गया जिसका उपयोग वेनेजुएला के मादक पदार्थ गिरोह द्वारा उपयोग किए जाने का अनुमान था। सितंबर में अमेरिका द्वारा हमले शुरू किए जाने के बाद से वेनेजुएला की धरती पर यह पहला ज्ञात प्रत्यक्ष अभियान था।
ट्रंप महीनों से धमकी दे रहे थे कि मादक पदार्थ ले जाने वाली नौकाओं पर हमला करने के बाद वह जल्द वेनेजुएला की धरती पर स्थित इस तरह के (मादक पदार्थ) ठिकानों पर हमले का आदेश दे सकते हैं। मादुरो ने अमेरिकी सैन्य अभियानों की निंदा करते हुए उन्हें सत्ता से बेदखल करने का एक छिपा हुआ प्रयास बताया है।
हथियारबंद लोग और एक नागरिक मिलिशिया के वर्दीधारी सदस्य काराकस के उस मोहल्ले की सड़कों पर उतर आए जिसे लंबे समय से सत्ताधारी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन शहर के अन्य इलाकों में हमले के कई घंटे बाद भी सड़के खाली रहीं। शहर के कुछ हिस्सों में बिजली नहीं थी, लेकिन वाहन स्वतंत्र रूप से चलते रहे।
काराकस और एक अज्ञात तटीय शहर से प्राप्त वीडियो में आसमान में रोशनी और धुआं दिखा, जबकि लगातार विस्फोटों से रात के समय आसमान रोशन हो गया था। अन्य फुटेज में शहरी परिदृश्य दिखा, जहां एक हाइवे पर वाहन गुजर रहे थे और उनके पीछे की पहाड़ियों पर विस्फोट वह रोशन हो रहे थे। इन वीडियो की पुष्टि एसोसिएटेड प्रेस द्वारा की गई।
काराकस के एक सैन्य अड्डे के हैंगर से धुआं उठते देखा गया, जबकि राजधानी के एक अन्य सैन्य प्रतिष्ठान में बिजली गुल थी।
इस बीच, एक कार्यालय में काम करने वाली 21 वर्षीय कारमेन हिडाल्गो ने कांपती आवाज में कहा, ‘‘पूरी जमीन हिल गई। यह बहुत भयानक है। हमने विस्फोटों और विमानों की आवाज सुनी।’’
वेनेजुएला सरकार ने एक बयान जारी कर अपने समर्थकों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। बयान में कहा गया, ‘‘लोग सड़कों पर उतरें! बोलिवेरियन सरकार देश की सभी सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से आह्वान करती है कि वे लामबंदी योजनाओं को सक्रिय करें और इस साम्राज्यवादी हमले का विरोध करें।’’
बयान में कहा गया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने ‘‘सभी राष्ट्रीय रक्षा योजनाएं लागू करने’’ के निर्देश दिए हैं और ‘‘बाह्य अशांति की स्थिति’’ घोषित की है।
बयान में यह भी कहा गया कि मादुरो ने “सभी राष्ट्रीय रक्षा योजनाओं को लागू करने का आदेश” दिया और “बाह्य अशांति की स्थिति” की घोषणा की। यह आपातकालीन स्थिति उन्हें लोगों के अधिकारों को अस्थायी रूप से निलंबित करने और सशस्त्र बलों की भूमिका का विस्तार करने का अधिकार देती है।
वेनेजुएला में 2019 से बंद अमेरिकी दूतावास की वेबसाइट ने देश में अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी जारी की और कहा कि उन्हें “काराकस और उसके आसपास विस्फोटों की रिपोर्ट के बारे में जानकारी है।”
चेतावनी में कहा गया, “वेनेजुएला में अमेरिकी नागरिकों को अपने स्थान पर सुरक्षित रहना चाहिए।”
ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद से पेंटागन और अमेरिकी सदर्न कमान से सवाल का कोई उत्तर नहीं मिला। एफएए ने सभी वाणिज्यिक और निजी अमेरिकी पायलटों को चेतावनी दी कि वेनेजुएला और देश के उत्तरी तट से थोड़ी दूर स्थित छोटे द्वीपीय राष्ट्र कुराकाओ का हवाई क्षेत्र “जारी सैन्य गतिविधियों से जुड़े उड़ान सुरक्षा जोखिमों के कारण” प्रतिबंधित है।
सीनेट सदस्य ली ने एक्स पर अपनी संभावित चिंताओं को साझा किया। उन्होंने कहा, “मैं जानने के लिए उत्सुक हूं कि युद्ध की घोषणा या सैन्य बल उपयोग की अनुमति के अभाव में इस कार्रवाई को किस तरह से संवैधानिक रूप से उचित ठहराया जा सकता है।”
यह स्पष्ट नहीं था कि अमेरिकी कांग्रेस को हमलों की आधिकारिक सूचना दी गई थी या नहीं।
अमेरिकी संसद कांग्रेस के दोनों सदनों की सशस्त्र सेवा समितियों को प्रशासन द्वारा किसी भी कार्रवाई की सूचना नहीं दी गई है। यह जानकारी एक ऐसे व्यक्ति ने दी जिसे इस मामले की जानकारी है और उसने अपना नाम गुप्त रखने की बात कही।
कांग्रेस में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सांसदों ने वेनेज़ुएला के तट के पास मादक पदार्थ तस्करी के संदेह वाले जहाजों पर अमेरिकी हमलों के प्रति गहरी आपत्तियां और विरोध जताए हैं। कांग्रेस ने इस क्षेत्र में ऐसी कार्रवाइयों के लिए सैन्य बल उपयोग की किसी विशेष अनुमति को स्पष्ट रूप से मंजूरी नहीं दी है।
अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने कहा कि सैन्य कार्रवाई और मादुरो को पकड़ा जाना “वेनेजुएला के लिए एक नया सवेरा” दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “तानाशाह चला गया है।”
उन्होंने हमले के कुछ घंटे बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने जुलाई के एक पोस्ट को फिर से साझा किया जिसमें कहा गया था कि “मादुरो वेनेजुएला के राष्ट्रपति नहीं हैं और उनका शासन वैध सरकार नहीं है।”
मादुरो सरकार का समर्थक और अमेरिका का पुराना प्रतिद्वंद्वी क्यूबा ने राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कानेल बर्मुडेज़ के शब्दों में “आपराधिक हमले” के प्रति अंतरराष्ट्रीय समुदाय से प्रतिक्रिया की मांग की। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “हमारे शांतिपूर्ण क्षेत्र पर बेरहमी से हमला किया जा रहा है।” ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी हमलों की निंदा की।
अर्जेंटीना राष्ट्रपति जावियर माईली ने अपने निकट सहयोगी ट्रंप के उस दावे की सराहना की कि मादुरो को पकड़ लिया गया है।
अमेरिकी सेना सितंबर की शुरुआत से कैरिबियन सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में जहाजों पर हमले कर रही है। ट्रंप प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार तक ज्ञात हमलों की संख्या 35 थी और मारे गए लोगों की संख्या कम से कम 115 बताई गई।
ये हमले दक्षिण अमेरिका के पास समु्द्र में अमेरिकी बलों की बड़ी तैनाती के बाद हुए।
ट्रंप ने जहाजों पर इन हमलों को अमेरिका में मादक पदार्थ के प्रवाह को रोकने के लिए आवश्यक बताते हुए सही ठहराया और कहा कि अमेरिका “मादक पदार्थ गिरोह के साथ सशस्त्र संघर्ष” में है।
एपी अमित