'इंडिया' गठबंधन के पक्ष में लहर, तीन हफ्ते में प्रधानमंत्री की सत्ता से विदाई : कांग्रेस
हक अविनाश
- 13 May 2024, 08:27 PM
- Updated: 08:27 PM
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद सोमवार को दावा किया कि देश में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की लहर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सत्ता से विदाई में सिर्फ तीन सप्ताह का समय बचा है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि निर्वाचन आयोग बिना किसी देरी के चौथे चरण के मतदान के अंतिम आंकड़े जारी करेगा।
रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स" पर पोस्ट किया, "आज चौथा चरण खत्म होने के साथ अब तक 379 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी की विदाई में सिर्फ तीन हफ़्ते बचे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव की दिशा अब बिल्कुल साफ़ है।"
उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा दक्षिण में साफ़ एवं उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में ‘हाफ’ होने जा रही है।
रमेश ने दावा किया, "यही कारण है कि प्रधानमंत्री के चेहरे पर घबराहट साफ दिख रही है। वह हर चरण की वोटिंग के बाद और भी ज्यादा हताश और निराश दिखने लगते हैं। प्रथम चरण की वोटिंग के बाद उन्होंने लोगों को डराना शुरू कर दिया और ध्रुवीकरण का सहारा लिया। दूसरे चरण के बाद वह हास्यास्पद रूप से भैंसों को छीनने की साज़िश का आरोप लगाने लगे और बेशर्मी से झूठ बोलने लगे। तीसरे चरण के मतदान के बाद तो उन्होंने पूरी तरह से अपना नियंत्रण ही खो दिया है - उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दो सबसे पसंदीदा मित्रों के पास काला धन भरा हुआ है, जिसकी सप्लाई वे टेम्पो से करते हैं।''
उन्होंने कहा, "सोचिए, उनकी पार्टी की ज़मीनी हक़ीक़त कितनी ख़राब है कि अब उन्होंने अपने मित्रों पर हमला शुरू कर दिया है। उन्होंने पहली बार उनके बिज़नेस के साथ अपनी सरकार की सांठगांठ को भी अप्रत्यक्ष रूप से स्वीकार किया है।"
रमेश ने कहा कि इस चुनाव में प्रधानमंत्री और भाजपा का कोई भी सकारात्मक प्रचार नहीं है। उन्होंने दावा किया, "मोदी की गारंटी - जिसे प्रधानमंत्री ने लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकारी धन का भरपूर दुरुपयोग किया - को चुपचाप ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। 400 पार का नारा ख़त्म हो गया। दस साल तक सरकार चलाने के बाद, प्रधानमंत्री ने 'विकास' का दिखावा करना भी बंद कर दिया है, पहले कम से कम अपनी बातों में इस शब्द का ज़िक्र किया करते थे।"
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव का एजेंडा पूरी तरह से कांग्रेस और राहुल गांधी ने तय किया है। उन्होंने यह भी कहा, "हम आशा करते हैं कि चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हमें उम्मीद है कि वे बिना किसी देरी के चौथे चरण के मतदान के अंतिम आंकड़े जारी करेंगे।"
रमेश ने कहा, "अब कोई ‘अंडर-करंट’ नहीं है- ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में लहर चल रही है। चार जून आ रहा है।"
भाषा हक